Republic Day 2026: आज पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बड़ा ऐलान किया। गांधी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य साल 2030 तक युवाओं को एक करोड़ सरकारी नौकरियां और रोजगार के अन्य अवसर देना है।
राज्यपाल ने बताया कि सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। जहां खाली पदों को तेजी से भरा जा रहा है, वहीं जरूरत के अनुसार नए पद भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ही करीब 10 लाख सरकारी नौकरियां और 40 लाख रोजगार के अवसर दिए जा चुके हैं।
Republic Day 2026: समारोह में कई बड़े नेता रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राज्यपाल ने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों की सलामी ली और उनके अनुशासन की सराहना की।

Governor Arif Mohammad Khan: पुलिस बल मजबूत, कानून-व्यवस्था में सुधार
राज्यपाल ने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम है और इसे और बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर 1.21 लाख कर दी गई है। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराध पर नियंत्रण रखने में मदद मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार राज्य में शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Bihar News: मंदिरों और कब्रिस्तानों की सुरक्षा पर जोर
आरिफ मोहम्मद खान ने बताया कि राज्य सरकार ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाए हैं। 60 साल से ज्यादा पुराने मंदिरों के चारों ओर चारदीवारी बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा साल 2006 से कब्रिस्तानों की घेराबंदी का कार्य भी शुरू किया गया था, जिससे इन स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में सुधार
राज्यपाल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा सुधार देखने को मिला है। नए अस्पताल बनाए गए हैं और पुराने अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। सड़कों, पुलों और अन्य विकास कार्यों से आम लोगों को काफी सुविधा मिली है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
राज्यपाल ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार ने हर परिवार की एक महिला को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 10,000 रुपये की सहायता दी है। कई महिलाओं ने इस राशि से छोटे-छोटे कारोबार शुरू किए हैं। सरकार ने यह भी वादा किया है कि अगर उनका व्यवसाय सफल रहता है, तो उन्हें आगे चलकर दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में महिला सशक्तीकरण के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। राज्य पुलिस में महिलाओं की संख्या बढ़ाई गई है और आज देश में सबसे ज्यादा महिला पुलिसकर्मी बिहार में ही हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार: धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, CM नीतीश ने तिरंगा फहराया


Download Android App
Download iOS App




