Samastipur: बाइक सवार बदमाशों ने युवक की गोली मारकर की हत्या, पड़ोसी पर आरोप

Summary :

जमीन विवाद में युवक की हत्या, पिता ने पड़ोसी पर लगाया आरोप

बिहार के समस्तीपुर में शुक्रवार शाम बदमाशों ने एक युवक का पीछा कर उसे गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना केंद्रीय विद्यालय के पीछे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान जितवारपुर बुलेचक गांव निवासी आयुष कुमार (पुत्र अशोक राय) के रूप में हुई है। आयुष इंटर का छात्र था और घर का सामान लाने निकला था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जब आयुष बाइक से गुजर रहा था, तभी एक युवक ने उसका पीछा कर गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Samastipur Sadar Hospital में स्वास्थ्य व्यवस्था ढीला, मोबाइल की रोशनी में मरीज का हो रहा इलाज

मृतक के पिता अशोक राय ने आरोप लगाया कि उनके ससुराल के पड़ोसी साजन कुमार ने उनके बेटे की हत्या करवाई है। उनके मुताबिक, साजन कुमार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में उनके बेटे को गोली मारी गई। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता पेंटर का काम करते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नगर और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसपी संजय पांडे ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.