पटना में पहली बार सूर्य किरण एरोबैटिक शो, वायुसेना का दिखेगा शौर्य प्रदर्शन

Summary :

वायुसेना का भव्य एरोबैटिक शो, 22-23 अप्रैल को होगा आयोजन

भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम पहली बार पटना में भव्य शो करेगी। 22-23 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, सैन्य शक्ति का प्रदर्शन और युवाओं को वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है। हॉक-132 जेट विमानों की टीम अद्वितीय हवाई करतब दिखाएगी, जिससे बिहार के युवाओं को वायुसेना के गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित सूर्य किरण एरोबैटिक टीम पहली बार बिहार की राजधानी पटना में एरोबैटिक शो करने जा रही है। इसका आयोजन जननायक गंगा पथ पर होगा, जो काफी भव्य और रोमांचक शो होने वाला है। यह शानदार कार्यक्रम 22 और 23 अप्रैल को आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, सैन्य शक्ति का प्रदर्शन और युवाओं को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है। इस आयोजन के तहत हॉक-132 जेट विमानों की नौ सदस्यीय सूर्य किरण टीम पटना के आकाश में अद्वितीय हवाई करतब दिखाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और फ्लाईपास्ट के साथ होगी, जिसके बाद विमान 1857 की क्रांति के नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल का दिन विशेष रूप से विद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए समर्पित रहेगा। इस दिन छात्र-छात्राएं न केवल सूर्य किरण टीम का रोमांचक प्रदर्शन देखेंगे, बल्कि भारतीय वायुसेना की कार्यशैली, अनुशासन और तकनीकी क्षमताओं का प्रत्यक्ष अनुभव भी करेंगे। इस अवसर पर युवाओं को वायुसेना में करियर विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी।

पटना-जयनगर के बीच चलेगी बिहार की पहली रैपिड रेल, पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

23 अप्रैल को कार्यक्रम ‘शौर्य दिवस’ के रूप में आयोजित किया जाएगा, जो कि बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती है। इस दिन सूर्य किरण टीम वीर कुंवर सिंह के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए विशेष फ्लाईपास्ट और सामूहिक एरोबैटिक प्रदर्शन देगी। यह आयोजन केवल आमंत्रण प्राप्त गणमान्य अतिथियों के लिए होगा, जिसमें वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी, बिहार सरकार के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहेंगे।

गंगा नदी के किनारे स्थित जननायक गंगा पथ इस कार्यक्रम के लिए एक आकर्षक स्थल बन गया है। आयोजन स्थल पर बैठने, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, जलपान तथा बच्चों के लिए गाइड और बस सेवा जैसी सभी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यह पहला मौका है जब सूर्य किरण टीम पटना में प्रदर्शन करेगी और इससे बिहार के युवाओं को वायुसेना के गौरवशाली इतिहास से जुड़ने और प्रेरित होने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.