तेजस्वी यादव सिर्फ लालू के बेटे होने के कारण नेता हैं: दिलीप जायसवाल

Summary :

तेजस्वी यादव की नेता बनने की वजह सिर्फ लालू का बेटा होना

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के लालू यादव को भारत रत्न देने वाले बयान पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव इसलिए नेता हैं, क्योंकि वह लालू यादव के बेटे हैं। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल जमुई में एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव इसलिए नेता हैं, क्योंकि वह लालू यादव के बेटे हैं। अगर कोई नौंवी फेल होता है, तो वह चपरासी भी नहीं बनता है। ऐसे में उनकी क्या बात की जाए।”

झाझा के बलियाडीह में दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद इंटरनेट बंद करने के मामले में उन्होंने कहा, “सब कुछ फिर शुरू हो जाएगा। जमुई की जनता में आपसी एकता और भाईचारा बहुत अच्छा है। समाज में कुछ लोग होते हैं, जो गलत घटना को अंजाम देते हैं। एक आदमी घटना करता है, पूरा समाज उसे भुगतता है। सभी लोग मिल-जुलकर रहिए और आपसी एकता बनाइये।

बिहार में चुनावी रणनीति को लेकर उन्होंने कहा, “हम लोगों ने बगहा से कड़ाके की ठंड में 15 जनवरी से कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत की थी। बगहा से बेतिया, मोतिहारी के अलावा बिहार के कई जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद जमुई पहुंचे हैं। सभी जगहों पर एनडीए के पांचों घटक दल के कार्यकर्ता चट्टानी एकता और आपसी समन्वयन के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिये आगामी बिहार चुनाव 2025 के लिए शंखनाद कर रहे हैं। पूरे बिहार में एक माहौल बन गया है।”

दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में हो रही देरी को लेकर उन्होंने कहा, “संसदीय बोर्ड की बैठक में मंत्री का नाम तय होगा। यह एक लोकतांत्रिक व्यवस्था है। प्रधानमंत्री विदेश गए थे, उन्हें शपथ ग्रहण में रहना था। सारी चीजें तय हो चुकी हैं, जल्द ही दिल्ली सीएम के नाम का ऐलान होगा।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.