प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी देने वाला व्यक्ति बिहार से गिरफ्तार हुआ। उसने वीपीएन और पड़ोसी के फोन का उपयोग कर धमकी दी थी। पुलिस ने साइबर जांच के माध्यम से उसे पकड़ा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार हो गया है। धमकी देने वाला बिहार का रहने वाला है। पीएम मोदी दो दिन के बिहार के दौरे पर हैं। आज भी रोहतास के बिक्रमगंज में उनका कार्यक्रम है। इससे पहले पुलिस ने पीएम को मारने की धमकी देने वाले को बिहार के भागलपुर जिले से गिरफ्तार किया है। शख्स का नाम समीर कुमार रंजन बताया गया है। युवक की उम्र 35 साल के आस पास है। भागलपुर के डीएसपी चंद्रभूषण और सुल्तानगंज थाना प्रभारी मृत्युगंज कुमार ने गिरफ्तारी पुष्टि की है। एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के दौरान उनकी हत्या की धमकी दी गई है।
VPN का इस्तेमाल कर दी थी धमकी
जानकारी के मुताबिक, समीर कुमार रंजन ने प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के मद्देनजर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी। तकनीकी जांच में पता चला कि समीर ने धमकी देने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का इस्तेमाल किया था, ताकि उसकी लोकेशन और पहचान छिपाई जा सके। हालांकि, साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगा लिया गया।

पड़ोसी का फोन इस्तेमाल किया
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि समीर ने धमकी देने के लिए अपना नहीं, बल्कि अपने पड़ोसी मंटू चौधरी के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। उसने बड़ी चालाकी से फोन का इस्तेमाल धमकी भरा मैसेज भेजने के लिए किया, ताकि शक मंटू पर जाए। लेकिन पुलिस की खुफिया जानकारी और साइबर एनालिसिस असली आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ जारी
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी का मकसद क्या था और उसके पीछे कोई संगठन या कोई और व्यक्ति तो नहीं है। इस मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं और प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
बिहार में चुनावी तैयारी, PM मोदी ने BJP नेताओं संग की अहम बैठक


Download Android App
Download iOS App



