Bihar में जारी सियासी उठापटक के बीच बीजेपी और जेडीयू दोनों ही ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। महागठबंधन सरकार में कुछ गड़बड़ी के संकेतों के बीच जहां भाजपा ने बिहार प्रदेश आलाकमान को दिल्ली बुलाया है, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पार्टी के प्रमुख नेताओं को अपने पटना स्थित घर पर आमंत्रित किया है।
Highlights:
- रेणु देवी, सम्राट चौधरी गुरुवार रात अचानक दिल्ली के लिए रवाना हुए
- JDU सांसद ललन सिंह और मंत्री विजय चौधरी CM नीतीश के सरकारी आवास पहुंचे
- सुशील कुमार मोदी के सुर अचानक सीएम नीतीश कुमार को लेकर नरम हुए
पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी दोनों गुरुवार रात अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए, वहीं दूसरी तरफ एक अणे मार्ग स्थित सीएम कोठी में भी हलचल बढ़ गई है। जानकारी में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, सांसद ललन सिंह, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के कैबिनेट मंत्री संजय झा और अन्य प्रमुख पार्टी हस्तियों के साथ पटना में सीएम हाउस में मौजूद हैं और वहां पर इन नेताओं की बैठक चल रही है। जेडीयू के सांसद ललन सिंह और मंत्री विजय चौधरी एक साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर पहुंचे। सीएम आवास पर गहन मंथन का दौर चल रहा है। इस बैठक में आगे की सियासी रणनीति पर चर्चा हो रही है। नीतीश कुमार ने आज कैबिनेट बैठक को जल्द ही समाप्त कर दिया। नीतीश कुमार का झारखंड दौरा भी रद्द हो गया है।

बिहार बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के सुर अचानक सीएम नीतीश कुमार को लेकर नरम हो गए। सुशील कुमार मोदी ने कहा कि किसी गठबंधन को लेकर अगर केंद्रीय नेतृत्व को कोई फैसला लेती है तो राज्य नेतृत्व को उसे स्वीकार करना होता है। बिहार के राजनीतिक हालात को लेकर सूत्र बता रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के बीच बातचीत हुई है। इसके बाद ही सम्राट चौधरी को पटना से दिल्ली बुलाया गया है। सम्राट चौधरी जिस फ्लाइट से दिल्ली गए हैं उसमें जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के भी होने की खबर है। देखा जाये तो दोनों दलों में बढ़ी सक्रियता और पार्टी नेताओं की एक साथ बैठक होना अपने आप में काफी कुछ संकेत दे रहा है, हालांकि इस बैठक के बारे में विवरण अभी भी स्पष्ट नहीं हैं। इस बीच सीएम नीतीश कुमार के पटना स्थित आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




