Bihar: बेगूसराय में बुधवार की शाम दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान आगजनी भी की गई।बता दें ये घटना बलिया थाना क्षेत्र के बलिया बाजार की है। मां की प्रतिमा बलिया बाजार के कर्पूरी चौक के पास पहुंची तो हंगामा शुरू हो गया। सूत्रों के मुताबिक, इस जगह पर एक झंडा लगा हुआ था। इसी झंडे को हटाने के कारण विवाद शुरू हो गया। इस मामले में दोनों ओर से 10 लोगों की अब तक गिरफ्तारी की गई है।
हिंसक झड़प में 10 गिरफ्तार
आपको बता दें घटना के संबंध में यह जानकारी भी सामने आई है कि विसर्जन के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी साथ चल रहे थे। जब यह घटना हुई तो उन लोगों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन उग्र भीड़ पर कोई असर नहीं हुआ। बवाल ज्यादा हो गया जिसकी सूचना साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने थानाध्यक्ष को दी। इसके बाद सूचना बलिया एसडीपीओ सहित जिला मुख्यालय और एसपी तक पहुंच गई।
दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई
दरअसल, घटना के बाद गुरुवार (26 अक्टूबर) की सुबह क्षेत्र में फिर दोनों पक्षों मे भारी तनाव उत्पन्न हो गया। स्थिति अनियंत्रित होने लगी तो एसपी ने आकर मोर्चा संभाला। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है। दोनों तरफ से अभी तक दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य के लिए छापेमारी की जा रही है। डीएम रोशन कुशवाहा ने लोगों से अपील की है कि आपसी भाईचारे को न भूलें। जिस तरह दोनों पक्ष हमेशा एक साथ नजर आते थे उसी तरह एक साथ रहें। आपसी भाईचारे के साथ शांति के साथ रहें।


Download Android App
Download iOS App



