फलक नाज ने मुस्लिम एक्टर्स की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जैसी राष्ट्रीय घटनाओं पर उनकी खामोशी हिंदू भाई-बहनों का भरोसा तोड़ती है। सोशल मीडिया फॉलोअर्स खोने के डर से चुप रहने वाले कलाकारों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि देशप्रेम को दिखाना जरूरी है, सिर्फ नारे लगाना काफी नहीं।
हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देशभर में जहां लोगों ने भारतीय सेना की तारीफ की, वहीं कुछ फिल्म और टीवी कलाकारों की चुप्पी पर सवाल भी उठने लगे हैं। इन्हीं सवालों को लेकर अब टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस फलक नाज ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए अपने ही धर्म के लोगों पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फॉलोअर्स खोने के डर
फलक नाज ने वीडियो में कहा कि वह यह वीडियो बनाना नहीं चाहती थीं, लेकिन हालात देखकर खुद को रोक नहीं सकीं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें मुस्लिम एक्टर्स और अपने लोगों से काफी निराशा है, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी बड़ी राष्ट्रीय घटनाक्रम पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने इशारों में यह भी कहा कि यह चुप्पी शायद सोशल मीडिया फॉलोअर्स खोने के डर से है, खासकर पाकिस्तान से आने वाले फॉलोअर्स को लेकर।
हिंदू भाई-बहन पर भरोसा करें
फलक ने कहा, “मुझे बहुत गुस्सा है उन मुस्लिम एक्टर्स पर जो कुछ नहीं बोल रहे हैं। क्या इसलिए कि उनकी सोशल मीडिया ऑडियंस का एक बड़ा हिस्सा पाकिस्तान से है? क्या उन्हें डर है कि उनकी रीच या फॉलोअर्स घट जाएंगे? लेकिन जब ऐसे मौके आते हैं, तो खामोशी भरोसा तोड़ देती है। हम चाहते हैं कि हमारे हिंदू भाई-बहन हम पर भरोसा करें, लेकिन ऐसा तब कैसे मुमकिन होगा जब हम खुद ही अपने देश के लिए नहीं बोलते?”
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए फलक ने कहा, “इस्लाम में सिखाया गया है कि अपने देश से मोहब्बत सबसे पहले होनी चाहिए। लेकिन जब वक्त आता है उस मोहब्बत को दिखाने का, तो हम चुप रह जाते हैं। कहां गया वो जज़्बा? सिर्फ नारे लगाने से कुछ नहीं होता, अपने कर्मों से भरोसा कमाना पड़ता है।”
Operation Sindoor: भारत ने पाकिस्तान का आर्मी चेक पोस्ट और लॉन्च पैड किया तबाह, देखें VIDEO
पाकिस्तानी कलाकारों पर कसा तंज
फलक नाज ने साथ ही पाकिस्तानी कलाकारों पर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि भारत में काम करने वाले कई पाकिस्तानी कलाकार आज अपने देश का खुलकर समर्थन कर रहे हैं, भले ही हालात की शुरुआत उनके देश की तरफ से हुई हो। उन्होंने सवाल किया कि जब वे अपने देश के लिए खड़े हो सकते हैं, तो भारत में रहकर और यहां से नाम कमाने वाले कुछ लोग क्यों अपने देश के समर्थन में नहीं बोल रहे?
देश के लिए आवाज उठाइए
वीडियो के आखिर में फलक ने इमोशनल होते हुए कहा, “अगर आप इस देश में रह रहे हैं, यहीं से रोजी-रोटी पा रहे हैं, तो कम से कम इस देश के लिए आवाज तो उठाइए। कहीं तो इस देश के काम आइए।” फलक नाज का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोगों की ओर से उन्हें काफी समर्थन भी मिल रहा है। कई यूज़र्स ने उनकी बातों से सहमति जताई है और बाकी कलाकारों से भी ऐसे मुद्दों पर खुलकर बोलने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App




