टॉलीवुड एक्टर साई धरम तेज के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। उनके साथ शुक्रवार की रात को बाइक दुर्घटना हो गई जिसके बाद उन्हें तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि ये घटना दुर्गमचेरुव केबल ब्रिज के पास हुई। खबरों की मानें तो साई एक स्पोर्ट्स बाइक चला रहे थे और कीचड़ की वजह से वो फिसल गए और दुर्घटना हो गई। उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था इससे उनके सिर पर चोट नहीं लगी। हालांकि शरीर पर चोट लगने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और सही इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।

उनके एक्सीडेंट की खबर सामने आने के बाद से फैंस काफी परेशान हो रहे थे वहीं उनकी टीम ने एक बयान जारी कर बताया है कि साई बिल्कुल ठीक हैं। साई की टीम ने कहा कि, ‘एक्टर बिल्कुल ठीक हैं और धीरे- धीरे और ठीक हो रहे हैं। चिंता करने की कोई बात नहीं हैं। अस्पताल में उनकी देखभाल की जा रही है। स्थिर होने के बाद उन्हें इलाज जारी रखने के लिए अपोलो अस्पताल में शिफ्ट किया गया’। बता दें कि साई की आंखों, छाती और कमर के दूसरे हिस्से पर काफी चोटें लगी हैं।

उनकी दुर्घटना की खबर सुनते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। वही, पुलिस ने कहा है कि केबल ब्रिज पर जा रहे साई धरम तेज की बाइक फिसल गई थी। हालांकि इस दुर्घटना में किसी और को चोट नहीं आई है। उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था और शराब नहीं पी थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी और दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि साई के दिमाग पर कोई गहरी चोट नहीं लगी है और उन्हें अभी किसी सर्जरी की भी जरूरत नहीं है।

अपोलो हॉस्पिटल ने उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। अपोलो हॉस्पिटल के डॉक्टरों का कहना है कि एक्टर के आंख के पास, सीने में और पेट में चोटें आई हैं, हालांकि अब वे खतरे से बाहर हैं। इस एक्सीडेंट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं।


Download Android App
Download iOS App



