अलविदा कह गए शोले के ‘कालिया’, 78 साल की उम्र में हुआ निधन

Summary :

ब्लॉकबस्टर फिल्म शोले में कालिया का किरदार निभाने वाले दिग्गज मराठी एवं बालीवुड अभिनेता विजू खोटे का सोमवार को निधन हो गया।

ब्लॉकबस्टर फिल्म शोले में कालिया का किरदार निभाने वाले दिग्गज मराठी एवं बालीवुड अभिनेता विजू खोटे का सोमवार को निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। 
वह 78 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी बहन शुभा खोटे हैं जिन्होंने कई फिल्मों में हास्य कलाकार (कॉमेडियन)की भूमिका निभाई है। 
विजू ने हिंदी सिनेमा की प्रसिद्ध फिल्म शोले में मुख्य खलनायक पात्र गब्बर सिंह के सहयोगी कालिया का किरदार निभाया जो यादगार बन गया। फिल्म में गब्बर सिंह से उनका संवाद, ‘‘ कितने आदमी थे?, दो सरकार।’’ तथा ‘‘सरदार, मैंने आपका नमक खाया है’’ आज भी याद किया जाता है। 
वीजू फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ में रॉबर्ट की भूमिका से भी काफी लोकप्रिय हुए। वर्ष 1964 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विजू ने 300 से अधिक हिन्दी और मराठी फिल्मों में अभिनय किया। 
वीजू के शानदार फ़िल्मी करियर में शोले, अंदाज अपना अपना, चाइनागेट, मेला, फिर हेरा फेरी,गोलमाल-3 और नगीना जैसी प्रमुख फिल्में शामिल हैं। विजू खोटे की भांजी भावना बलसावर टेलीविजन धारावाहिकों की अभिनेत्री हैं। 
अभिनेता की भांजी एवं एक्ट्रेस भावना बलसावर ने बताया , ‘‘ उन्होंने अपने घर पर सुबह करीब छह बजकर 55 मिनट पर नींद में ही अंतिम सांस ली। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। ’’ 
भावना ने आगे कहा, ‘‘ वह अस्पताल में अंतिम सांस नहीं लेना चाहते थे इसलिए हम कुछ दिन पहले उन्हें घर ले आए थे। यह हमारे लिए एक बड़ी क्षति है।” चंदन वाड़ी’ में सुबह करीब 11 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Ujjwal Jain