डिहाइड्रेशन की वजह से अस्पताल में भर्ती ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान की तबियत अब ठीक है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है। अपोलो अस्पताल और उनके बेटे अमीन ने हेल्थ अपडेट दिया। इसके बाद उनकी पत्नी सायरा बानो का बयान सामने आया है। उन्होंने पति की सेहत का अपडेट देने के साथ ही लोगों से खास गुजारिश की है। सायरा ने अपील की कि उन्हें ‘एक्स वाइफ’ न कहा जाए।
सायरा ने वॉयस-नोट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ” मुझे खबर मिली है कि उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। मैं उनके (एआर रहमान) जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं। उनकी एंजियोग्राफी की गई और अल्लाह की रहमत से अब वह ठीक हैं।”
58 वर्षीय रहमान की तबीयत बिगड़ने के बाद चेन्नई के ग्रीम्स रोड स्थित अपोलो अस्पताल में रविवार की सुबह भर्ती कराया गया। उन्हें सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर भर्ती कराया गया। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। डॉक्टर्स ने उनकी ईसीजी समेत कई जांच की। उनका इमरजेंसी वार्ड में इलाज चला और एंजियोग्राफी भी कराई गई।
Chaitra Navratri: नई दुल्हने नवरात्रि के पहले दिन पहनें ऐसी साड़ियां, ससुराल में सब करेंगे तारीफ
संगीतकार को लंदन से लौटने के बाद डिहाइड्रेशन की शिकायत हो गई थी। सायरा ने रहमान के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देने के साथ आगे कहा, “मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि हम आधिकारिक रूप से तलाकशुदा नहीं हैं, हम अभी भी पति-पत्नी हैं, हम बस अलग हो गए क्योंकि पिछले दो सालों से मेरी तबियत ठीक नहीं थी और मैं उन्हें ज्यादा तनाव नहीं देना चाहती थी। प्लीज मुझे ‘पूर्व पत्नी’ न कहें। मेरी दुआएं हमेशा उनके साथ हैं और मैं आप सभी से खासकर उनके परिवार से कहती हूं कि उन्हें तनाव न दें और उनका ख्याल रखें।“
ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान को रविवार सुबह डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद ग्रीम्स रोड स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां नियमित जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
अपोलो अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया, ” एआर रहमान आज सुबह डिहाइड्रेशन के बाद ग्रीम्स रोड स्थित अपोलो अस्पताल आए। नियमित जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।”
उनके बेटे एआर अमीन ने भी हेल्थ अपडेट देते हुए प्रशंसकों और शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया। अमीन ने बताया कि उनके पिता अब ठीक हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “सभी प्यारे प्रशंसकों, परिवार और शुभचिंतकों को मैं आपके प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। मेरे पिता डिहाइड्रेशन के कारण थोड़ा कमजोर महसूस कर रहे थे इसलिए कुछ नियमित जांच हुए। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि उनकी हालत ठीक है। आपके समर्थन और प्यार के लिए धन्यवाद।”
इससे पहले, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स हैंडल पर एआर रहमान के स्वास्थ्य संबंधित जानकारी दी। स्टालिन ने प्रशंसकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह ठीक हैं। एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर स्टालिन ने रहमान के ‘ठीक’ होने की पुष्टि करते हुए लिखा, “जैसे ही मैंने यह खबर सुनी कि एआर रहमान की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मैंने डॉक्टर्स से संपर्क किया और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली! डॉक्टर्स ने कहा कि वह ठीक हैं और जल्द ही घर वापस आ जाएंगे!”
58 वर्षीय रहमान की तबीयत बिगड़ने के बाद चेन्नई के ग्रीम्स रोड स्थित अपोलो अस्पताल में रविवार की सुबह भर्ती कराया गया। उन्हें सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर भर्ती कराया गया। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। डॉक्टर्स ने उनकी ईसीजी समेत कई जांच की। उनका इमरजेंसी वार्ड में इलाज चला और एंजियोग्राफी भी कराई गई।


Download Android App
Download iOS App




