बॉलीवुड एक्टर से बीजेपी सांसद बने सनी देओल को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने Y कैटेगरी की सुरक्षा दी है। अब उनके साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की एक टीम हमेशा मौजूद रहेगी। सनी देओल की ये सुरक्षा उनकी जान की खतरे को देखते हुए बढ़ाई गई है। इससे पहले भी सनी देओल के पास पंजाब पुलिस के कमांडो की सुरक्षा है, जो कि उन्हें राज्य सरकार की Y कैटेगरी सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत दी गई है।

अब केंद्र सरकार के Y कैटेगरी सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के मुताबिक सनी देओल की सुरक्षा को अपडेट किया गया। सनी देओल को जो Y श्रेणी की सुरक्षा दी जा रही है, उसमें कुल 11 जवान होंगे, इनमें 2 पीएसओ भी शामिल हैं। सांसद सनी देओल के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक उनके पास पहले से ही Y कैटेगरी सुरक्षा है। इंटेलिजेन्स ब्यूरो की रिपोर्ट और थ्रेट परसेप्शन के आधार पर सनी देओल को केंद्र सरकार द्वारा सुरक्षा दी गई है।

सनी देओल पंजाब के गुरदासपुर से बीजेपी के सांसद हैं। गुरदासपुर भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के नज़दीक का क्षेत्र है, इसलिए यहां पर हमेशा खतरा बना रहता है। इतना ही नहीं यह सुरक्षा ऐसे समय पर दी गई है, जब पंजाब के किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। केंद्र सरकार द्वारा अपनी मांगे पूरी न होने पर कई किसानों द्वारा बीजेपी नेताओं और मंत्रियों का घेराव करते हुए देखा गया।


Download Android App
Download iOS App



