अभिनेत्री पूजा बेदी कोरोना संक्रमित पाई गयी हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने एक वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। पूजा बेदी ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया है। अब वीडियो वायरल हो जाने के बाद फैंस पूजा के जल्दी ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं। इस दौरान अभिनेत्री ने बताया कि वह सभी आवश्यक सावधानियों के साथ अपनी अच्छी देखभाल कर रही हैं और वायरस से लड़ने के लिए अपने शरीर की नैचुरल इंयूनिटी पर निर्भर रहना चाहती हैं।

पूजा बेदी हुईं कोरोना का शिकार
अपनी इस वीडियो में पूजा बेदी ने कहा कि शुरू में उन्हें लगा कि उन्हें खांसी एलर्जी है। लेकिन बुखार होने के बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया। एक्ट्रेस का कहना है कि उनके मंगेतर और हाउसकीपर भी संक्रमित हो गए हैं। वीडियो में पूजा बेदी यह भी बता रही हैं कि जिन लोगों को वैक्सीन नहीं लगा था, उनमें से 99 पर्सेंट लोग भी ठीक हो गए थे और जिन्हें वैक्सीन लगा था, उनमें भी 99 पर्सेंट लोग ठीक हो गए थे। उन्होंने कहा कि ध्यान रखने की जरूरत है, घबराने की नहीं।
पूजा ने अपनी इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा- कोविड पॉजिटिव। आखिरकार मुझे कोरोना वायरस हो गया है। मैंने खुद वैक्सीन नहीं लगवाना चुना है, ये मेरा अपना निर्णय है कि प्राकृतिक प्रतिरक्षा, वैकल्पिक उपचार और वेलनेस प्रैक्टिस से खुद को ठीक करूं। आप वो करें जो आपको अपने लिए सही लगता है, सभी लोग बचाव करें और घबराएं नहीं।

इसके अलावा उन्होंने वीडियो में वो चीजें भी दिखाईं, जिनका वो कोरोना वायरस होने के बाद सेवन कर रही हैं। एक्ट्रेस ने बताया कि वह गन्ने का जूस, काढ़ा, ताजे फल, स्टीम के लिए कार्बोल टैबलेट ले रही हैं। इसके अलावा वह नमक के पानी से गरारे कर रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



