सोनू सूद इन दिनों IT रेड के चलते सुर्खियों में हैं। उनके घर और दफ्तर में हाल ही में आयकर विभाग ने सर्वे किया। इससे पहले सोनू सूद आम आदमी पार्टी के एक आयोजन में नजर आए थे। इसके बाद से सोशल मीडिया पर इस तरह की चर्चा है कि वह जल्द ही राजनीति में एंट्री लेने वाले हैं। राजनीति में जाने को लेकर अब सोनू सूद ने खुद रिएक्शन दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सोनू सूद ने राजनीति में जाने की खबरों को खारिज किया। साथ ही कहा है कि राजनीति उनके लिए नहीं है। उनका मानना है कि राजनेता बने बिना उनके पास ज्यादा आजादी है। सोनू सूद ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि मैं खुद को राजनीति में देखता हूं। लोग कहते हैं कि यह मुझे और ताकत और शक्ति देगा जो मैं काम कर रहा हूं, लेकिन मैं इसको दूसरी तरह से देखता हूं।’

सोनू सूद ने आगे कहा, ‘अगर मैं राजनीति में जाता हूं तो मुझे किसी को भी फोन करने से पहले दो- तीन बार सोचना पड़ेगा। मुझे बहुत सावधान रहना होगा कि मैं अपने राजनीतिक दल के दिशानिर्देशों का उल्लंघन न करूं। अभी मैं किसी को भी कॉल कर सकता हूं। मैं राजनीति के बिना किसी भी संस्थान में जा सकता हूं। इसलिए राजनीति मेरे लिए नहीं है।’ सोनू सूद से पूछा गया कि अगर उन्हें अगला प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले क्या तब भी वह राजनीति में नहीं आएंगे?

इस सवाल पर हंसते हुए एक्टर ने कहा, ‘यह कोई दूर की संभावना भी नहीं है। देश चलाना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं खुद को इसके लिए नहीं देखता। मैं मुख्य कमांडिंग ऑफिसर की तुलना में अपने देश को बेहतर बनाने की लड़ाई में एक सैनिक बनना पसंद करूंगा।’ आपको बता दें कि आयकर विभाग ने सोनू सूद के खिलाफ कर चोरी के आरोप में 15 सितंबर को सर्वे शुरू किया था, जो चार दिनों तक जारी रहा।

आयकर विभाग की प्रेस रिलीज के मुताबिक, विभाग ने मुंबई, लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, जयपुर और गुरुग्राम में सोनू से जुड़े 28 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सोनू और उनके सहयोगियों के घर और दफ्तरों की तलाशी ली गयी और कर चोरी के काफी सबूत मिले हैं। सोनू पर 20 करोड़ से ज़्यादा टैक्स चोरी का आरोप है। वहीं इसके बाद सोनू सूद ने अपना बयान जारी कर इस पूरे मामले में सफाई दी और कहा कि वह आयकर विभाग की पूरी टीम के साथ सहयोग कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



