Sumbul Touqeer के पिता एक बार फिर एक्टिंग में रखेंगे कदम, कहा “बेटी के करियर के लिए…”

Summary :

सुम्बुल तौकीर के पिता जल्द ही बॉलीवुड में रखेंगे कदम

तौकीर खान पहले ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे टीवी शोज़ और कुछ सीरियल्स में नजर आ चुके हैं। लेकिन, उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी थी, ताकि वह अपनी बेटियां, सुम्बुल और सानिया का करियर शुरू करने में उनकी पूरी मदद कर सकें।

मुंबई, 17 जून (आईएएनएस)। मशहूर एक्ट्रेस सुम्बुल तौकीर के पिता तौकीर खान बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत की और कुछ समय तक एक्टिंग से दूर रहने के पीछे का कारण भी बताया।

तौकीर खान पहले ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे टीवी शोज़ और कुछ सीरियल्स में नजर आ चुके हैं। लेकिन, उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी थी, ताकि वह अपनी बेटियां, सुम्बुल और सानिया का करियर शुरू करने में उनकी पूरी मदद कर सकें। तौकीर ने खुलासा किया कि कैसे वह बेटियों के शेड्यूल संभालते थे, उन्हें अलग-अलग शूटिंग सेट पर लेकर जाते थे और पूरा समय उनकी तरक्की में लगाते थे। अब जब दोनों बेटियां अपने करियर में अच्छा कर रही हैं और खुद पर निर्भर हो गई हैं, तो वह फिर से एक्टिंग की दुनिया में लौटने के लिए तैयार हैं।

Sumbul Touqeer

तौकीर खान ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”यह मेरी पहली बॉलीवुड फिल्म है। इससे पहले मैं ‘क्राइम पेट्रोल’ और कुछ सीरियल्स में काम कर चुका हूं। जब मैं मुंबई आया था, तब हमारे पास ज्यादा पैसे नहीं थे, इसलिए मैंने ‘क्राइम पेट्रोल’ में एक्टिंग करना शुरू किया, ताकि घर का गुजारा हो सके। बाद में, जब सानिया और सुम्बुल को लगातार काम मिलने लगा, तो मैंने उनकी मदद करने के लिए एक्टिंग छोड़ दी। दोनों की शूटिंग अलग-अलग जगहों पर या एक ही समय पर होती थी, तो सारा समय उसी में चला जाता था। अब जब दोनों बेटियां अपने पैरों पर खड़ी हो गई हैं, तो उन्होंने मुझसे कहा- ‘पापा, अब आपकी बारी है फिर से शुरुआत करने की।’ इसलिए अब मैंने दोबारा एक्टिंग करने का फैसला लिया है।”

अपनी पहली फिल्म के बारे में बात करते हुए तौकीर खान ने कहा, ”इस समय फिल्म की शूटिंग नालासोपारा में हो रही है, जहां एक झुग्गी बस्ती का सेट तैयार किया गया है। मैं इस फिल्म में एक स्थानीय विधायक का किरदार निभा रहा हूं, जो लोगों के घर-घर जाकर वोट मांगता है। यह फिल्म युवाओं में नशे की लत के गंभीर मुद्दे पर दर्शकों का ध्यान खींचेगी।”

तौकीर खान ने बताया कि अपनी बेटी सुम्बुल की सफलता देख उन्हें बहुत खुशी और गर्व होता है। उन्होंने कहा, ”सुम्बुल की तरक्की देख मैं बहुत खुश और भावुक हो जाता हूं। वह सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि अपने फैंस की भी बहुत पसंदीदा है। उसकी इस सफलता को देखकर मुझे बहुत खुशी होती है। हर माता-पिता को अपने बच्ची की ऐसी कामयाबी और पहचान देखने को नहीं मिलती, इसलिए मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं।”

हरियाणवी सिंगर Masoom Sharma को Bigg Boss का ऑफर, क्या अब गानों से हटेगा बैन?

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कभी अपनी बेटी सुम्बुल के साथ फिल्म में काम करना चाहेंगे, तो तौकीर खान ने विनम्रता से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें सुम्बुल की सफलता पर बहुत गर्व है, लेकिन वह स्क्रीन पर उनके पिता का रोल निभाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा, ”सुम्बुल इतनी शानदार अभिनेत्री है कि उसके सामने मैं खुद को छोटा महसूस करूंगा। उसकी एक्टिंग और स्क्रीन पर मौजूदगी इतनी मजबूत है कि मुझे लगता है मैं उसके बराबर अभिनय नहीं कर पाऊंगा।”

Sumbul Touqeer

तौकीर ने आगे कहा, ”मैं और भी काम करना चाहता हूं। मुझे लगता है मेरा चेहरा नकारात्मक किरदारों के लिए अच्छा है, इसलिए मैं खलनायक का रोल निभाने के लिए तैयार हूं। मुझे कॉमेडी रोल भी पसंद हैं, इसलिए मैं नेगेटिव या कॉमेडी दोनों तरह के रोल करना चाहता हूं। दोनों ही मुझे बराबर पसंद हैं और दोनों में काम करने का मन है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.