क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा के बीच तलाक हो गया है। बांद्रा फैमिली कोर्ट ने दोनों की तलाक अर्जी पर अपनी मंजूरी दे दी। कोर्ट की सुनवाई के खत्म होने के बाद दोनों पक्षों के वकीलों ने इसकी जानकारी दी। युजवेंद्र चहल के वकील नितिन गुप्ता ने कहा कि दोनों की शादी खत्म हो गई है। कोर्ट ने तलाक की अर्जी स्वीकार कर ली है और अब दोनों का तलाक हो गया है।
काले रंग की जैकेट और मास्क पहने नजर आए चहल
20 मार्च को मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें दोनों अलग-अलग पहुंचे. युजवेंद्र चहल काले रंग की जैकेट और मास्क पहने अपने वकीलों के साथ पहुंचे, जबकि धनश्री सफेद टी-शर्ट में और मास्क लगाए नजर आईं. दोनों के तलाक की सुनवाई के दौरान मीडिया की काफी भीड़ जुटी थी, लेकिन किसी भी पक्ष से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.
चहल और धनश्री की शादी 24 दिसंबर 2020 को हुई थी. हालांकि, पिछले कुछ महीनों से उनके रिश्ते में दरार आने की खबरें सामने आने लगी थीं, जब दोनों ने एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया था. इसके बाद से तलाक की अटकलें तेज हो गईं और आखिरकार पिछले महीने तलाक की कार्यवाही शुरू होने की पुष्टि हुई. दोनों ने फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए आवेदन किया था, और इसके साथ ही कूलिंग-ऑफ पीरियड से छूट देने की भी मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था.
एलिमनी के तौर पर 4.75 करोड़ रुपये
इसके बाद, दोनों ने बॉम्बे हाई कोर्ट में अपील की थी, और हाई कोर्ट ने 19 मार्च को आदेश दिया कि फैमिली कोर्ट 20 मार्च तक इस मामले का निपटारा कर दे. कोर्ट ने कूलिंग-ऑफ पीरियड से भी दोनों को छूट दी, क्योंकि उन्होंने यह बताया कि वे पिछले ढाई साल से अलग रह रहे थे. इस तलाक के मामले में एक और अहम पहलू यह है कि चहल ने धनश्री को एलिमनी के तौर पर 4.75 करोड़ रुपये देने पर सहमति जताई है. इस राशि का 50 प्रतिशत चहल ने पहले ही अदा कर दिया है, जबकि बाकी राशि धनश्री को जल्द मिल जाएगी.


Download Android App
Download iOS App




