पूर्व क्रिकेटर Zaheer Khan बने पिता, पत्नी Sagarika ने दिया बेटे को जन्म, शेयर की पहली तस्वीरे

Summary :

जहीर और सागरिका ने फैमिली पिक्चर शेयर कर सुनाई खुशखबरी

पूर्व क्रिकेटर जहीर खान और उनकी पत्नी सागरिका घाटगे ने अपने बेटे फतेह सिंह खान का स्वागत किया। जहीर ने सोशल मीडिया पर एक प्यारी तस्वीर साझा की जिसमें वे अपने बेटे को गोद में लिए दिखे। इस खबर पर प्रशंसकों और हस्तियों ने बधाइयां दीं।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर जहीर खान की पत्नी, अभिनेत्री सागरिका घाटगे ने बेटे को जन्म दिया है। दंपत्ति ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक फैमिली पिक्चर शेयर करते हुए प्रशंसकों को यह खुशखबरी सुनाई। पोस्ट में उन्होंने बेटे का नाम भी बताया।

इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करते हुए जहीर खान नवजात को गोद में लिए दिखे। वहीं, सागरिका उन्हें पीछे से गले लगाती नजर आईं।

उन्होंने प्यारी तस्वीर के साथ यह भी बताया कि अपने लाडले का नाम उन्होंने क्या रखा है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “प्यार, कृतज्ञता और ईश्वर के आशीर्वाद से हम अपने प्यारे छोटे बेटे फतेह सिंह खान का स्वागत करते हैं।”

इस घोषणा पर प्रशंसकों, मित्रों और साथी हस्तियों ने बधाइयां दी। अभिनेता अंगद बेदी ने टिप्पणी की, “वाहेगुरु”, जबकि पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आप दोनों को बधाई। वाहेगुरु मेहर करे।” सुरेश रैना ने भी दोनों को बेटे के जन्म पर बधाई देते हुए अपनी शुभकामनाएं दी।

आकाश चोपड़ा ने लिखा, “आप दोनों को बधाई। ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद।”

सारा तेंदुलकर ने लिखा, “सबसे अच्छी खबर।” अनुष्का शर्मा ने भी कमेंट सेक्शन में दिल वाले इमोजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की।

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की पत्नी आरती सहवाग ने लिखा, “आप दोनों को बधाई, ढेरों बधाई और आशीर्वाद।”

अभिनेता रामचरण की पत्नी उपासना और अभिनेता वीर पहाड़िया ने लिखा, “शुभकामनाएं।”

जहीर और सागरिका ने नवंबर 2017 में शादी की थी। दोनों ने कोर्ट मैरिज की था, जिसके बाद उन्होंने 27 नवंबर को मुंबई के ताज महल पैलेस में रिसेप्शन रखा था, जिसमें फिल्म और खेल जगत की हस्तियों ने शिरकत की थी।

जहीर 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस (एमआई) से पहले क्रिकेट निदेशक और फिर ग्लोबल डेवलपमेंट प्रमुख के रूप में जुड़े थे। वर्तमान में वह लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के मेंटर के रूप में कार्यरत हैं।

जहीर ने बतौर गेंदबाज दस सत्रों में तीन टीमों के लिए 100 आईपीएल मैचों में भाग लिया और 7.58 की इकॉनमी से 102 विकेट लिए। उन्होंने आखिरी बार टूर्नामेंट में 2017 में खेला था, जब वह दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) का हिस्सा थे। उसके बाद उन्होंने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.