नयी दिल्ली : इंटरग्लोब एविएशन ने आज कहा कि उसने कंपनी के अध्यक्ष एवं पूर्णकालिक निदेशक आदित्य घोष के इस्तीफे के बारे में शेयर बाजारों को सूचीबद्धता नियमों के तहत समय पर सूचित कर दिया था। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड ( सेबी ) घोष के इस्तीफे से पहले इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में आई भारी गिरावट की जांच कर रहा है। इसी के मद्देनजर कंपनी ने स्पष्टीकरण जारी किया है। बजट एयरलाइन इंडिगो का परिचालन करने वाली इंटरग्लोब एविएशन ने आज कहा कि उसे सेबी से इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना के अनुसार घोष ने कंपनी के अध्यक्ष एवं पूर्णकालिक निदेशक पद से 26 अप्रैल को इस्तीफा दिया था। 27 अप्रैल को बुलाई गई कंपनी की महत्वपूर्ण बैठक में इस्तीफे को स्वीकार किया गया। कंपनी ने कहा कि बोर्ड की बैठक के बाद कंपनी ने 27 अप्रैल को ही शेयर बाजारों को घोष के इस्तीफे की जानकारी दे दी। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसने सूचीबद्धता नियमनों के तहत तय समयसीमा में घोष के इस्तीफे की जानकारी दे दी थी। नियामक 27 अप्रैल को कंपनी के शेयर मूल्य में आई छह प्रतिशत की गिरावट के मामले की जांच कर रहा है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



