नयी दिल्ली : सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने आज नयी दिल्ली से वाशिंगटन डीसी के लिये अपनी पहली उड़ान शुरू की। यह अमेरिका में एयर इंडिया का पांचवां गंतव्य है। एयर इंडिया ने इस सेवा के लिए ‘बोइंग 777-200 एलआर’ विमान तैनात किया गया है। विमान में कुल 238-सीटें हैं जिसमें प्रथम श्रेणी की आठ, बिजनेस श्रेणी की 35 और इकॉनमी श्रेणी की 195 सीटें हैं।
हवाईअड्डे से इस विमान सेवा की शुरुआत
अमेरिकी दूतावास के प्रभारी मैरीके लॉस कार्लसन और एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी, एयर इंडिया के वाणिज्यिक निदेशक पंकज श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में आज यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से इस विमान सेवा की शुरुआत की गयी। अमेरिका में भारत के राजदूत नवतेज सरना, लोहानी और श्रीवास्तव भी इस पहली उड़ान से अमेरिका रवाना हुए।
यह सेवा सप्ताह में तीन बार उपलब्ध होगी
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार जुलाई माह में अमेरिका जाने वाले उड़ानों की करीब 90 प्रतिशत सीटें बुक हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि एयर इंडिया नौ जुलाई से 17 जुलाई के बीच अमेरिका के लिये 321 सीटों वाला बड़ा विमान बोइंग-777-300 ईआर का परिचालन करेगी। अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन डीसी के लिये यह सेवा सप्ताह में तीन बार उपलब्ध होगी।
लॅास एंजिलिस और हयूस्टन आदि के लिए भी सेवाएं शुरू करने की योजना
वाशिंगटन के अलावा न्यूयार्क, नेवार्क, शिकागो और सैन फ्रांसिस्को के लिए एयरइंडिया की सेवाएं उपलब्ध हैं। दिल्ली से नेवार्क, न्यूयार्क और शिकागो के लिए दैनिक उड़ान सेवाएं हैं जबकि दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान सप्ताह में छह दिन उपलब्ध है। राष्ट्रीय विमानन कंपनी अमेरिका में अन्य शहरों जैसे लॅास एंजिलिस और हयूस्टन आदि के लिए भी सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है।
एयर इंडिया की 20 प्रतिशत कमाई अमेरिकी उड़ान सेवाओं से
उल्लेखनीय है कि इस विमानन कंपनी की करीब 20 प्रतिशत कमाई अमेरिकी उड़ान सेवाओं से होती है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की अमेरिकी उड़ान सेवायें से मिलने वाला कुल राजस्व करीब 3,200 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2014-15 की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक था।


Download Android App
Download iOS App



