नई दिल्ली : वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मांग में वृद्धि को देखते हुए चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में देश की आर्थिक वृद्धि दरदहाई अंक में पहुंच सकती है। गोयल ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के एक दिन बाद कही है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि दहाई अंक में वृद्धि दर के लिये और कदम उठाने की जरूरत है। गोयल ने कहा कि सरकार ने कारोबार सुगमता और अर्थव्यवस्था की स्थिरता के लिये कई कदम उठाये हैं।
यह पूछे जाने पर कि भारत कब दहाई अंक की वृद्धि दर हासिल करेगा , उन्होंने कहा कि हम इसे इस साल की चौथी तिमाही में देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से सरकार कारोबार करने को सुगम बनाने का प्रयास कर रही है, वास्ताव में इसे ईमानदार कारोबार के लिये आसान बना रही है और जब यह देश ईमानदारी के साथ कारोबार करने वाला देश होगा तब इसमें 10 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हमें मिलेगी।
गोयल ने यह भी कहा कि यह सरकार अर्थव्यवस्था के प्रबंधन के साथ कीमतों को नियंत्रित करने को लेकर काफी जवाबदेह है। नीति की संचालन परिषद की चौथी बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा था कि भारत के समक्ष चुनौती दहाई अंक में वृद्धि हासिल करने की है और इसके लिये और कदम उठाने की आवश्यकता है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



