नई दिल्ली: घरेलू वाहन उद्योग में नयी प्रौद्योगिकी तथा बढ़ते स्वचालन से नियुक्तियों में सालाना आधार पर गिरावट आने की आशंका है। एक रिपोर्ट के अनुसार यह 3-3.5 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर से कम होकर 2-2.5 प्रतिशत पर आ सकता है। फिक्की, नासकॉम और ईवाई की संयुक्त रिपोर्ट फ्यूचर ऑफ जॉब्स इन इंडिया: अ 2022 पर्सपेक्टिव के अनुसार, नयी प्रौद्योगिकियों के प्रादुर्भाव से कामगारों में नये कौशल की आवश्यकता महसूस की जाने लगी है।
वर्ष 2022 तक वाहन उद्योग में रोजगार के अवसर 1.43 करोड़ पर पहुंच जाने की संभावना है और इनमें से 60-65 प्रतिशत के लिये नये कौशल की आवश्यकता होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2016-17 में इस क्षेत्र में रोजगार के 1.28 करोड़ प्रत्यक्ष अवसर मिले। उसने कहा, वाहन उद्योग में नियुक्तियां सालाना आधार पर 3-3.5 प्रतिशत के बजाय 2-2.5 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी और 2022 में 1.43 करोड़ पर पहुंच जाएंगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि वाहन उद्योग वर्षो’ से रोबोटों का शीर्ष खरीदार रहा है और आने वाले समय में यही चलन जारी रहने की उम्मीद है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।


Download Android App
Download iOS App



