नई दिल्ली : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने मंगलवार को संकेत दिया कि विश्व बैंक की कारोबार सुगमता रैंकिंग में भारत की स्थिति और सुधरेगी। यह रिपोर्ट बुधवार को जारी होनी है। प्रभु ने यहां कहा, ‘‘कल आपको एक अच्छी खबर सुनने को मिलेगी कि कारोबार सुगमता के मानदंडों पर भारत की रैंकिंग सुधरी है।
हमने इस दिशा में उल्लेखनीय रूप से सुधार किया है। विश्व बैंक द्वारा बुधवार को रिपोर्ट जारी करने के साथ हम इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे।’’ विश्व बैंक की पिछले साल की कारोबार सुगमता रैंकिंग में भारत 30 पायदान की छलांग के साथ 100वें स्थान पर पहुंच गया था। इसमें 190 देशों को रैंकिंग दी गई थी।
विश्व बैंक की यह रैंकिंग दस मानदंडों मसलन कारोबार शुरू करना, निर्माण परमिट, बिजली कनेक्शन हासिल करना, कर्ज हासिल करना, करों का भुगतान, सीमापार कारोबार, अनुबंध लागू करना और दिवाला मामले का निपटान पर आधारित होती है। सूत्रों का कहना है कि भारत की स्थिति निर्माण परमिट, कारोबार शुरू करने और सीमापार कारोबार में सुधर सकती है।


Download Android App
Download iOS App



