कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की घरेलू बाजार में कार बिक्री दिसंबर महीने में 2.4 प्रतिशत बढ़ी। इसकी वजह नई वैगनआर जैसी कॉम्पैक्ट श्रेणी की कारों की मांग में वृद्धि रही। मारुति सुजुकी ने बुधवार को शेयर बाजार को बताया कि दिसंबर महीने में उसने घरेलू बाजार में 124,375 वाहनों की बिक्री की है, जो कि एक साल पहले इसी महीने 121,479 इकाइयों पर थी।
निर्यात और अन्य वास्तविक उपकरण विनिर्माता (ओईएम) को मिलाकर कंपनी की कुल बिक्री दिसंबर में 3.3 प्रतिशत बढ़कर 133,296 वाहनों पर पहुंच गई। कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन महीने के दौरान आल्टो समेत मिनी श्रेणी के वाहनों की बिक्री 13.6 प्रतिशत गिरकर 23,883 इकाइयों पर आ गई। हालांकि , नई वैगनआर , स्विफ्ट , सेलेरियो और डिजायर समेत कॉम्पैक्ट श्रेणी की बिक्री करीब 28 प्रतिशत बढ़कर 65,673 इकाइयों पर पहुंच गई।
मध्यम आकार के सेडान वाहन सिआज की बिक्री 62.3 प्रतिशत बढ़कर 1,786 इकाइयों पर पहुंच गई। जिप्सी और एर्टिगा समेत यूटिलिटी वाहनों की बिक्री 17.7 प्रतिशत बढ़कर 23,808 इकाई हो गई। मारुति ने कहा कि अप्रैल – दिसंबर के दौरान उसकी घरेलू बिक्री करीब 17 प्रतिशत गिरकर 11 लाख इकाइयों पर आ गई।


Download Android App
Download iOS App



