नई दिल्ली : सरकार ने एलसीडी और एलईडी टेलीविजन पैनल के विनिर्माण में काम आने वाले ‘ओपनसेल’ के आयात पर सीमा शुल्क घटाकर आधा कर दिया है। इसके बाद इन कलपुर्जो के आयात पर सीमा शुल्क की दर घटकर पांच प्रतिशत रह गई है। इस पहल का मकसद इन उत्पादों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना है। केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) की यहां जारी अधिसूचना में कहा गया है कि लिक्विड क्रिस्टल डिस्पले (एलसीडी) और लाइट एमिटिंग डायोड (एलईडी) टीवी पैनल के विनिर्माण में इस्तेमाल होने वाले ओपन सेल (15.6’’ और इससे अधिक) पर अब 5 प्रतिशत की दर से सीमा शुल्क लगेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार का यह कदम घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया है। इससे पहले सरकार ने बजट में एलसीडी, एलईडी टीवी पैनल के आयात पर सीमा शुल्क को 7.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया था। डेलायट इंडिया के वरिष्ठ निदेशक एम. एस. मणि ने कहा कि एलसीडी के विनिर्माण में काम आने वाले ओपनसेल पर पांच प्रतिशत का सीमा शुल्क अध्याय 8529 में अंकित दूसरी वस्तुओं पर लागू आयात शुल्क से कम है।
इस लिहाज से यह निश्चित ही इस तरह के टीवी पैनल के देश में विनिर्माण को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि इस अध्याय में अंकित दूसरे कलपुर्जों के आयात पर सीमा शुल्क की दर या तो 7.5 प्रतिशत है अथवा 10 प्रतिशत है। ई एण्ड वाई के भागीदार अभिषेक जैन ने कहा कि एलसीडी और एलईडी पैनल के विनिर्माण में इस्तेमाल होने वाले ओपनसेल के आयात पर सीमा शुल्क को 10 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिये जाने से इस तरह के टीवी पैनल के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



