नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में शनिवार को लगातार दूसरे दिन कटौती की। हालांकि डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ। एक दिन पहले डीजल के दाम में मामूली वृद्धि की गई थी। उधर अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में आई तेजी पर ब्रेक लग गया है लेकिन बेंट्र क्रूड का भाव अभी भी 72 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है।
ऐसे में संभावना है कि चुनाव के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम में फिर वृद्धि का सिलसिला शुरू हो। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में रविवार को सात राज्यों की 59 संसदीय सीटों के लिए रविवार को मतदान होगा। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, शनिवार को दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम घटकर क्रमश: 71.03 रुपये, 73.11 रुपये, 76.64 रुपये और 73.72 रुपये प्रति लीटर हो गए।
हालांकि चारों महानगरों में डीजल के दाम पूर्ववत क्रमश: 65.96 रुपये, 67.71 रुपये, 69.11 रुपये और 69.72 रुपये प्रति लीटर पर बने हुए हैं। तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम में सात पैसे जबकि चेन्नई में छह पैसे प्रति लीटर की कटौती की है।


Download Android App
Download iOS App



