मुंबई : दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में रही गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों की तेजी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में मंगलवार को रुपया 54 पैसे मजबूत होकर एक सप्ताह से ज्यादा के उच्चतम स्तर 71.48 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। रुपये में यह पांच महीने से ज्यादा की सबसे बड़ी तेजी है।
इससे पहले 18 मार्च को इसमें 57 पैसे की तेजी रही थी। सोमवार को 36 पैसे टूटकर 72.02 रुपये प्रति डॉलर पर बंद होने वाली भारतीय मुद्रा में आज शुरू से ही मजबूती देखी गयी। यह 32 पैसे चढ़कर 71.70 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। कारोबार के दौरान 71.87 रुपये प्रति डॉलर के दिवस के निचले और 71.45 रुपये प्रति डॉलर के दिवस के उच्चतम स्तर से होती हुई यह गत दिवस की तुलना में 54 पैसे की मजबूती के साथ 71.48 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई।
यह 19 अगस्त के बाद का रुपये का उच्चतम बंद भाव है। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर आज 0.20 प्रतिशत तक टूट गया। इससे रुपये को बल मिला। साथ ही घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन रही तेजी से भी रुपये को समर्थन मिला।


Download Android App
Download iOS App



