मुंबई : अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता में बेहतर उम्मीद के बीच वैश्विक बाजारों से सकारात्मक रुख के साथ बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 178 अंक चढ़कर बंद हुआ। धातु, रीयल्टी तथा सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में मजबूती से सेंसेक्स चढ़ा। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 177.51 अंक या 0.49 प्रतिशत की तेजी के साथ 38,862.23 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 67.95 अंक या 0.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,665.95 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील सर्वाधिक लाभ में रही। कंपनी का शेयर 3.36 प्रतिशत मजबूत हुआ। इसके अलावा जिन अन्य शेयरों में तेजी आयी उसमें वेदांता, बजाज फाइनेंस, टीसीएस, इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, ओएनजीसी, कोटक बैंक, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा आईटीसी शामिल हैं।
दूसरी तरफ एसबीआई, पावर ग्रिड, हीरो मोटो कार्प, एनटीपीसी, सन फार्मा, एचयूएल, एचसीएल टेक, यस बैंक तथा एशियन पेंट्स नुकसान में रहे। इनमें 1.46 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता में प्रगति को लेकर वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख के साथ बाजार तेजी के साथ बंद हुआ।
तेजी व्यापक आधार वाली रही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका तथा चीन व्यापार समझौते के करीब है और अगले चार सप्ताह में कोई बड़ी घोषणा की जा सकती है।


Download Android App
Download iOS App



