मुंबई : एग्जिट पोल के नतीजे आने से पहले घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को जोरदार तेजी आयी। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद बैंक तथा वाहन कंपनियों के शेयरों की अगुवाई में बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 537 अंक उछलकर 37,930 से ऊपर पहुंच गया जबकि नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी फिर से 11,400 के स्तर को प्राप्त कर लिया। विशेषज्ञों के अनुसार बाजार आम चुनावों के बाद एक स्थिर सरकार और सुधार जारी रहने की उम्मीद कर रहा है।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 537.29 अर्थात 1.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 37,930.77 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 38,001.13 अंक के स्तर पर पहुंच गया था जबकि नीचे यह 37,415.36 अंक तक चला गया था। इसी प्रकार, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 150.05 अंक अर्थात 1.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,407.15 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 11,426.15 अंक से 11,259.85 अंक के दायरे में रहा।
शुक्रवार को समाप्त सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 467.78 अंक अर्थात 1.24 प्रतिशत तथा निफ्टी 128.25 अंक अर्थात 1.13 प्रतिशत मजबूत हुए। सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फाइनेंस तथा बजाज आटो के शेयर 6.09 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुए। इसका कारण कंपनी का तिमाही वित्तीय परिणाम बेहतर रहना है।
इसके अलावा हीरो मोटो कार्प, मारुति, कोटक बैंक, एचडीएफसी, एचयूएल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोल इंडिया, एसबीआई, इंडसइंड बैंक तथा एशियन पेंट्स भी लाभ में रहे। इसमें 4.26 प्रतिशत तक की तेजी आयी। दूसरी तरफ यस बैंक, वेदांता, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, सन फार्मा, टीसीएस और एनटीपीसी में 2.36 प्रतिशत तक की गिरावट आयी।


Download Android App
Download iOS App



