Chhattisgarh Investor Connect 2026 : छत्तीसगढ़ सरकार ने देश और दुनिया के बड़े निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों की सात बड़ी कंपनियों ने राज्य में कुल 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सौंपे हैं। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से छत्तीसगढ़ में 7,800 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
इस मौके पर उद्योगपतियों को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज ‘विकसित भारत के ग्रोथ इंजन’ के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार ने उद्यमियों के स्वागत के लिए ‘रेड कारपेट’ बिछा रखा है। कार्यक्रम में सूबे के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित दक्षिण भारत के कई प्रतिष्ठित कारोबारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।
Chhattisgarh Industrial Policy Investment: अब तक 8 लाख करोड़ से अधिक के प्रस्ताव: मुख्यमंत्री साय

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य में नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद से सरकार लगातार सक्रिय है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत घरेलू शहरों और जापान व दक्षिण कोरिया जैसे देशों में हुए रोड-शो और इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के जरिए राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।
सरकार इन सभी एमओयू (MoU) को जमीन पर उतारने के लिए प्रक्रियाओं को तेज कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सात राज्यों की सीमाओं से घिरा हुआ है, जिससे यहां स्थापित होने वाले उद्योगों की पहुंच सीधे 60 करोड़ उपभोक्ताओं तक होती है। मजबूत रेल नेटवर्क, भारतमाला परियोजना और एयर कार्गो सुविधाओं के चलते यह क्षेत्र देश का बड़ा लॉजिस्टिक हब बनने की पूरी क्षमता रखता है।
Hypernext Data Center Chhattisgarh : हाइपरनेक्स्ट बनाएगा देश का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर
हैदराबाद समिट में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की तरफ से आया है। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में भारत का पहला समर्पित ‘डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस’ स्थापित करने के लिए ₹4,200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
इस बड़ी परियोजना से राज्य के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत मिलेगी और करीब 250 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा, सीमेंट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने ₹2,912 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे सबसे ज्यादा लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
Chhattisgarh Infrastructure Employment Generation : सेमीकंडक्टर, एआई और टेक्सटाइल हब बनने की ओर कदम

तकनीकी क्षेत्र में राज्य को बड़ी मजबूती तब मिली जब निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने ₹1,000 करोड़ के निवेश से एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर असेंबली यूनिट लगाने का प्रस्ताव रखा। इससे करीब 200 कुशल पेशेवरों को काम मिलेगा। वहीं, कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में श्री सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने ₹528 करोड़ के निवेश से एक अत्याधुनिक टेक्सटाइल और परिधान निर्माण इकाई स्थापित करने की इच्छा जताई है, जिससे करीब 2,500 स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
इसके साथ ही सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण के लिए एसजी मार्ट लिमिटेड ने ₹700 करोड़ (450 रोजगार), फार्मास्यूटिकल क्षेत्र की काबरा ड्रग्स ने ₹200 करोड़ (250 रोजगार) और डेयरी प्रोसेसिंग क्षेत्र की दिनशॉज़ डेयरी फूड्स ने ₹40 करोड़ (150 रोजगार) के निवेश प्रस्तावों पर सरकार के साथ सहमति जताई है। मुख्यमंत्री ने इन सभी सात कंपनियों को मौके पर ही ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ (ऑफर लेटर) सौंप दिए।
इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों से भी वार्ता
हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय और राज्य के उच्चस्तरीय प्रशासनिक प्रतिनिधिमंडल ने देश की कई अन्य अग्रणी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इनमें पेज इंडस्ट्रीज (जॉकी), डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस एनर्जी, सेल्कॉन ग्रुप और मैग्नमविंग्स जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं।
इन बैठकों में छत्तीसगढ़ की उद्योग-अनुकूल नीतियों, सिंगल विंडो क्लीयरेंस और उपलब्ध रियायतों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके इतर, स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रायपुर के टाटीबंध इलाके में 650 बिस्तरों वाले एक धर्मार्थ (चैरिटेबल) अस्पताल की स्थापना के सामाजिक प्रस्ताव पर विमर्श किया।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग सचिव रजत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर रितु सैन और सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार सहित उद्योग विभाग के कई आला अफसर मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




