Dhamtari medicine shop strike: धमतरी जिले में प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों और स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि जिन मरीजों को नियमित रूप से दवाइयों की आवश्यकता होती है, वे पूर्व से ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध कर लें। विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बच्चों के उपचार में उपयोग आने वाली दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
जिला प्रशासन के निर्देश: अस्पतालों में सेवाएं रहेंगी जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में इमरजेंसी सेवाएं, प्रसूति सेवाएं और आवश्यक उपचार सेवाएं पूर्ववत संचालित रहेंगी। साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवा भंडारण एवं आवश्यक चिकित्सकीय सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनस्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता, अफवाहों से बचने की अपील
जिला औषधि विक्रेता संघ एवं मेडिकल स्टोर संचालकों से भी जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी परिस्थिति में आमजन को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यकता पड़ने पर निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था अथवा अधिकृत मेडिकल स्टोर से संपर्क करने की सलाह दी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भरोसे का माहौल बना हुआ है।


Download Android App
Download iOS App




