‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उमड़ी भीड़ ने दिया बदलाव का संदेश: देवेन्द्र यादव

Summary :

Ramlila Maidan Rally : दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के सफल आयोजन के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश, उत्साह और समर्पण के साथ रैली में भागीदारी की। उनकी सक्रियता और बड़ी संख्या में मौजूदगी ने लोकतंत्र तथा जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस के संघर्ष को मजबूती दी है। देवेन्द्र यादव ने कहा कि महारैली को लेकर दिल्ली कांग्रेस…

Ramlila Maidan Rally : दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के सफल आयोजन के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश, उत्साह और समर्पण के साथ रैली में भागीदारी की। उनकी सक्रियता और बड़ी संख्या में मौजूदगी ने लोकतंत्र तथा जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस के संघर्ष को मजबूती दी है।

देवेन्द्र यादव ने कहा कि महारैली को लेकर दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। देश और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की ओर से जगह-जगह अवरोध पैदा किए जाने के बावजूद लोगों का रैली में पहुंचना इस बात का संकेत है कि जनता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ-साथ भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ भी आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है।

कनॉट प्लेस के बाजार बंद कराने पर भाजपा को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने रैली के दौरान दिल्ली के बाजारों को बंद रखने के फैसले पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने रैली में शामिल होने वाले लोगों से अपील की थी कि वे दिल्ली के बाजारों में अपनी जरूरत का सामान खरीदें, ताकि स्थानीय व्यापारियों को भी इसका लाभ मिले। लेकिन उनके अनुसार, भाजपा ने इंडिया गठबंधन की महारैली के मद्देनजर कनॉट प्लेस जैसे प्रमुख बाजार को भी बंद रखने का आदेश दिया।

यादव ने आरोप लगाया कि दिवाली के त्योहार के समय बाजार बंद कराने से व्यापारियों को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापारियों के हितों की बात तो करती है, लेकिन बाजार बंद कराने के फैसले से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुईं और कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

Sumant Chaudhary