Janakpuri : वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने जनकपुरी इलाके में चल रहे कथित इंश्योरेंस साइबर ठगी के संगठित कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर 43 लोगों को पकड़ा है। इनमें 32 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने कॉल सेंटर के मालिक समेत पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य 38 लोग टेलीकॉलर हैं।
डीसीपी (वेस्ट) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि आरोपी विभिन्न बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर पॉलिसीधारकों को फोन करते थे और उन्हें पॉलिसी अपग्रेड करने, अतिरिक्त लाभ और आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर ठगी करते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कपूर (कॉल सेंटर मालिक), नितिन शर्मा (एडमिन), गुंजन (एचआर मैनेजर), अजय (असिस्टेंट मैनेजर) और भीम (मैनेजर) के तौर पर की है। पुलिस ने मौके से दो लाख रुपये नकद, 48 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 38 सिम कार्ड, 22 डेबिट-क्रेडिट और पेमेंट कार्ड समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए हैं।
सीपी ने थपथपाई पुलिस टीम की पीठ
फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करने वाले पुलिस टीम का हौसला बढ़ाते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने उनकी पीठ थपथपाई है। डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि पुलिस टीम को जनकपुरी के ए-3/11 की दूसरी मंजिल पर फर्जी कॉल सेंटर चलने की सूचना मिली थी। तुरंत एसीपी ऑपरेशन राजेश कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर अमित धानी के नेतृत्व में एसआई संदीप दलाल, विष्णु प्रताप, दीपक महला, आदि की टीम गठित की गई। टीम ने रेड कर यहां से 43 लोग को दबोच लिया। आरोपी पीएनबी मेटलाइफ, एसबीआई इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड और भारती एक्सा जैसी कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर लोगों से संपर्क कर ठगी करते थे।` पुलिस ने आरोपियों के खिलापफ जनकपुरी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर का मालिक विशाल कपूर पॉलिसीधारकों का निजी डेटा और मोबाइल नंबर टेलीकॉलर स्टाफ को उपलब्ध कराता था। पुलिस को 619 पन्नों में पॉलिसीधारकों का विवरण, 67 रजिस्टर व नोटबुक और 38 कंपनी पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं। आरोपी मालिक के मोबाइल में मिले दो बैंक खाते एनसीआरपी पर दर्ज पांच साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर डेटा के स्रोत, बैंक खातों और ठगी के शिकार लोगों की पहचान करने में जुटी है।


Download Android App
Download iOS App




