उत्तरपूर्व दिल्ली के सीमापुरी में शुक्रवार को संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर कथित रूप से पथराव करने को लेकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पथराव में एक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त घायल हो गए थे।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि अतिरिक्त डीसीपी, शाहदरा जिला रोहित राजबीर सिंह को इस घटना में मामूली चोटें आईं। अब वह ठीक हैं। पहले पुलिस ने कहा था कि सीमापुरी के आसपास के क्षेत्रों से पांच बाहरियों को इस घटना के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
छह और लोग भी दंगा फैलाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिसकर्मियों को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए बल प्रयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किये गये। पुलिस के अनुसार संदेह है कि ये लोग इलाके में गड़बड़ी फैलाने के इरादे से पहुंचे थे।
इस बीच स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने उत्तर-पूर्व दिल्ली में फ्लैगमार्च किया और स्थानीय लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए इलाके की शांति समितियों से भी भी बातचीत की।


Download Android App
Download iOS App



