West Delhi Crime News : पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में खुले बिजली पैनल की चपेट में आने से 11 वर्षीय आशीष की मौत के मामले में छह दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं हो सकी है। बिजली कंपनी बीएसईएस ने फीडर बॉक्स का कवर चोरी होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है। वहीं, पुलिस ने मामले में लापरवाही से मौत की धाराओं में केस दर्ज कर बीएसईएस को नोटिस जारी किया है। जांच से जुड़े पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कंपनी से पूछा गया है कि बिजली पैनल खुला कैसे पड़ा था और इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है?
उधर, बेटे को खोने के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि हादसे के वक्त लोग बच्चे की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। बच्चे के पिता अवधेश के मुताबिक, घटना वाले दिन आशीष दोस्तों के साथ मार्केट परिसर में लुका-छिपी खेल रहा था। इसी दौरान वह छिपने के लिए ट्रांसफार्मर के पीछे चला गया। ट्रांसफार्मर के पास ही एक इमारत को तोड़ने का काम चल रहा है।
बताया जा रहा है कि इमारत के ध्वस्तीकरण का काम शुरू होने के बाद से ट्रांसफार्मर के आसपास का हिस्सा खुला पड़ा था। वहां बिजली की नंगी तारें भी मौजूद थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंधेरे में बच्चे को ट्रांसफार्मर के पास लगा हिस्सा प्लाईबोर्ड जैसा दिखाई दिया और वह छिपने के लिए वहां पहुंच गया। इसी दौरान वह खुले तारों के संपर्क में आकर करंट की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और बिजली की सप्लाई बंद कराई। इसके बाद आशीष को बिजली पैनल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मां का आरोप है कि घटनास्थल पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और बच्चे को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। यदि समय रहते उसे मदद मिल जाती तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विकासपुरी थाने में लापरवाही से मौत के मामले में केस दर्ज किया गया है। बीएसईएस को नोटिस जारी कर हादसे के कारणों और जिम्मेदारी के संबंध में जवाब मांगा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बिजली पैनल खुला क्यों था, उसकी सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और संबंधित अधिकारियों या कर्मचारियों की ओर से कोई लापरवाही बरती गई थी या नहीं। हालांकि, हादसे के छह दिन बाद भी यह सवाल कायम है कि आखिर मासूम की मौत का जिम्मेदार कौन है और उसकी जवाबदेही कब तय होगी?


Download Android App
Download iOS App




