Jantar Mantar Protest : नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इसके साथ ही राजधानी में बंद मेट्रो स्टेशनों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि नई दिल्ली स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी फिलहाल उपलब्ध नहीं रहेगी। इससे पहले डीएमआरसी ने 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का फैसला लिया था। बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं। नई दिल्ली स्टेशन बंद होने के बाद कुल प्रभावित स्टेशनों की संख्या 18 हो गई है।
कई स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी
हालांकि डीएमआरसी ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी है। इन स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी, लेकिन वे एक लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे।
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में सीजेपी कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार धरना दे रहे हैं। प्रदर्शन में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पिछले तीन दिनों से कई मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रखे गए हैं। इसके चलते कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली पुलिस और प्रशासन पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



Download Android App
Download iOS App




