नाले में बहा 18 वर्षीय युवक, रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग

Summary :

South East District News : साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के सरिता विहार थाना इलाके में शुक्रवार की रात एक युवक नाले में बह गया। सूचना मिलते ही सरिता विहार थाना पुलिस, डीडीएमए, रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत युवक को तलाशने का काम शुरू किया, लेकिन कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भी युवक का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। रविवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। लापता युवक की पहचान भीम कॉलोनी, अली विहार निवासी…

South East District News : साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के सरिता विहार थाना इलाके में शुक्रवार की रात एक युवक नाले में बह गया। सूचना मिलते ही सरिता विहार थाना पुलिस, डीडीएमए, रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत युवक को तलाशने का काम शुरू किया, लेकिन कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भी युवक का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया। रविवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। लापता युवक की पहचान भीम कॉलोनी, अली विहार निवासी अंकित (18) के रूप में हुई है।

डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि रात करीब 8.31 बजे सरिता विहार थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली। इसके करीब 23 मिनट बाद 8.54 बजे कालिंदी कुंज थाना पुलिस को भी इसी संबंध में दूसरी कॉल प्राप्त हुई। कॉलर ने पुलिस को बताया कि मदनपुर खादर स्थित प्रियंका कैंप के पास नाले में एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस व अलग-अलग एजेंसियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सर्च व रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। कई घंटों की मशक्कत के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चल सका।

पूछताछ में शिकायतकर्ता मनीष (23) ने बताया कि वह अपने दोस्त अंकित के साथ नोएडा से वापस लौट रहा था। इसी दौरान नाले के पास अचानक अंकित का पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। मनीष ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीडीएमए, रेस्क्यू टीम और दमकल विभाग की टीमों को भी मौके पर पहुंची। बचाव दल ने नाले के आसपास और पानी के बहाव वाले हिस्सों में काफी देर तक युवक की तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पुलिस जांच में सामने आया कि मनीष और अंकित दोनों अली विहार की भीम कॉलोनी के रहने वाले हैं। पुलिस ने अंकित के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिवार में उसके पिता सुनील समेत अन्य सदस्य हैं। पुलिस और बचाव एजेंसियां युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।

Sumant Chaudhary