Ramlila Maidan : रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर मंच, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और मीडिया प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता की सुविधाओं को लेकर संबंधित नेताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। देवेंद्र यादव ने बताया कि रैली की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए 20 कमेटियां गठित की गई हैं।
दिल्ली में आयोजन होने के कारण इसकी मेजबानी और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दिल्ली कांग्रेस संभाल रही है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में जुटे हैं। देशभर से आने वाले लोगों के मार्गदर्शन, भीड़ प्रबंधन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
यादव ने रैली में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताते हुए दावा किया कि उनके बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं के इंतजाम कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने का मंच होगी।
यादव के अनुसार, मताधिकार की निष्पक्षता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। निरीक्षण के दौरान दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, प्रदेश महासचिव संगठन एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल और जिलाध्यक्ष मोहम्मद उस्मान सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




