बदरपुर में 200 पहचान पत्र गुमनाम मिले

Summary :

आप उम्मीदवार ने दावा किया ये पहचान पत्र उन लोगों के हैं जिन्होंने आप के वोटर रजिस्ट्रेशन कैंपों के माध्यम से अपने पहचान पत्र बनवाने का आवेदन किया था।

नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर इलाके में एक स्थान से गुमनाम हालत में 200 मतदाता पहचान पत्र मिलने की जानकारी मिली है। इस बात की जानकारी आप के दक्षिणी दिल्ली सीट से लोकसभा उम्मीदवार राघव चड्ढ़ा ने ट्वीट के माध्यम से सार्वजनिक की है। उन्होंने कहा कि बदरपुर में एक सड़क के किनारे से 200 मतदाता पहचान पत्र पड़े मिले हैं।

आप उम्मीदवार ने दावा किया कि ये पहचान पत्र उन लोगों के हैं जिन्होंने आम आदमी पार्टी के वोटर रजिस्ट्रेशन कैंपों के माध्यम से अपने पहचान पत्र बनवाने का आवेदन किया था। अपने टवीट में राघव ने चुनाव आयोग से पूछा कि क्या आयोग बता सकता है कि ये पहचान पत्र यहां क्यों डम्प किए गये हैं?

वहीं इस मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि ऐसे में हम कैसे फ्री एंड फेयर इलेक्शन की उम्मीद कर सकते हैं? इस बारे में पूछे जाने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (दिल्ली) कार्यालय में कार्यरत विशेष चुनाव अधिकारी सतनाम सिंह ने कहा कि यह मामला उनके संझान में आ गया है। इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Desk Team