अमेरिका से 318 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे

Summary :

देश में कोरोना संक्रमण की लगातार बिगड़ती स्थिति के बीच 318 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एयर इंडिया के विमान में अमेरिका से भारत में आ गए है। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सामान्य हवा से ऑक्सीजन तैयार करने वाली एक मशीन है, जो मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।

देश में कोरोना संक्रमण की लगातार बिगड़ती स्थिति के बीच 318 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एयर इंडिया के विमान में अमेरिका से भारत में आ गए है। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्विटर पर लिखा कि हर व्यक्ति के बहुमूल्य जीवन को बचाने और कोरोना महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई को और मजबूत बनाने के लिए नागरिक उड्डयन क्षेत्र की ओर से किया गया यह एक प्रयास है।
ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सामान्य हवा से ऑक्सीजन तैयार करने वाली एक मशीन है, जो मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर होम आइसोलेशन वाले मरीजों के लिए एक बड़ा विकल्प है। देश में मुख्यत: दो बड़ी कंपनियां बीपीएल और फिलिप्स इसे तैयार करती है। ये ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर से काफी अलग होता है।
मेडिकल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की लागत कम (करीब 30 से 60 हजार रुपये) होती है। कुछ तो बेहद छोटे पोर्टेबल मशीन की कीमत 3 से 5 हजार भी होती है. यह बिजली या बैटरी से चलता है। ऑक्‍सीजन सिलेंडर और रीफिलिंग की तुलना में यह सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प है। कंसंट्रेटर ऑक्सीजन के नए मॉलिक्यूल्स नहीं बनाते, बल्कि सामान्य हवा में से ही नाइट्रोजन को अलग कर देते हैं ताकि उसमें ऑक्सीजन बचे।

Desk Team