पाकिस्तान/इस्लामाबाद: पाकिस्तान में चीन की मदद से तैयार हो रहे एक बड़े हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हरिपुर जिले में स्थित तारबेला बांध के पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) में अचानक हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर पानी को रोकने के लिए बनाया गया अस्थायी सुरक्षा बांध टूट गया, जिसके बाद बड़ी मात्रा में पानी निर्माणाधीन सुरंग में भरने लगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद सभी कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में पाकिस्तानी मजदूरों के साथ चीनी इंजीनियर भी काम कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि सभी कर्मचारियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इस घटना के बाद परियोजना का निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। दोबारा काम कब शुरू होगा, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
अचानक टूटा सुरक्षा बांध, सुरंग में भर गया पानी
वहीं हरिपुर के डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि निर्माण स्थल पर पानी के बहाव को रोकने के लिए एक अस्थायी बांध बनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य सुरंग की खुदाई और निर्माण के दौरान पानी को अंदर जाने से रोकना था। लेकिन अचानक यह बांध टूट गया और पानी तेजी से परियोजना की मुख्य सुरंग में पहुंचने लगा। पानी का बहाव बढ़ने के कारण निर्माण स्थल पर काम करना मुश्किल हो गया। इसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वहां मौजूद सभी लोगों को बाहर निकालने का फैसला लिया गया।
बचाव दलों ने पाकिस्तानी मजदूरों और चीनी इंजीनियरों समेत सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर पहुंचाया। शुरुआती जानकारी में कुछ स्थानीय अधिकारियों और परियोजना से जुड़े लोगों ने चीनी ठेकेदार की लापरवाही को हादसे की संभावित वजह बताया है। हालांकि, अभी इसे हादसे का अंतिम कारण नहीं माना जा सकता। इसकी वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
बिजली के लिहाज से काफी अहम प्रोजेक्ट
तारबेला बांध का पांचवां विस्तार पाकिस्तान के लिए बिजली के लिहाज से काफी अहम है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद देश को 1,410 मेगावाट एक्स्ट्रा बिजली मिलने की उम्मीद है। इससे पाकिस्तान में बिजली की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है।
लेकिन निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने से काम रुक गया है। अब सबसे पहले सुरंग से पानी बाहर निकाला जाएगा। इसके बाद जांच की जाएगी कि अंदर बने ढांचे और मशीनों को कितना नुकसान हुआ है। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि इस काम में कितना समय लगेगा। ऐसे में प्रोजेक्ट को पूरा होने में देरी हो सकती है। अगर मरम्मत में ज्यादा समय लगा तो बिजली उत्पादन भी तय समय से शुरू नहीं हो पाएगा।
हादसे की जांच के लिए शुरू हुई कार्रवाई
घटना के बाद अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा के इंतजामों की भी समीक्षा की जाएगी। अधिकारी यह पता लगाएंगे कि अस्थायी बांध क्यों टूटा और पानी रोकने के लिए किए गए इंतजामों में क्या कमी थी। साथ ही यह भी जांच होगी कि निर्माण के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वजह और जिम्मेदार लोगों के बारे में पता चल सकेगा।


Download Android App
Download iOS App




