कर्नाटक में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिये सुरक्षा बलों की 520 कंपनियां होगी तैनात

Summary :

NULL

कर्नाटक में स्वतंत्र , निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिये अर्द्धसैनिक बलों के 50 हजार जवानों सहित डेढ़ लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किये जायेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य में आगामी 12 मई को होने वाले मतदान के लिये सीआरपीएफ , बीएसएफ और आईटीबीपी सहित अन्य सुरक्षा बलों की 520 कंपनियां तैनात करने की मंजूरी दी है। एक कंपनी में लगभग सौ जवान होते हैं।

मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिये मतदान केन्द्रो पर सुरक्षा बलों के अलावा कर्नाटक पुलिस के लगभग एक लाख जवान भी तैनात होंगे।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव में तैनाती के लिये केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवानों की संख्या का निर्धारण हाल ही में चुनाव आयोग और मंत्रालय के आला अधिकारियों की बैठक में किया गया था। सुरक्षा बलों की अधिकांश कंपनियां कर्नाटक के लिये रवाना हो गयी हैं। मतदान से पहले जवानों को तैनाती से संबधित मतदान केन्द्रों पर पहुंचाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा की 224 सीटों के लिये 12 मई को वोट डाले जायेंगे और 15 मई को मतगणना होगी। मतदान में राज्य के करीब 4.96 करोड़ पंजीकृत मतदाता 56,600 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक  करें।

Desk Team