रोशनआरा क्लब में 750 लोगों को मिलेगी आजीवन सदस्यता, 28 अगस्त से आवेदन

Summary :

Roshanara Club : दिल्ली के ऐतिहासिक रोशनआरा क्लब के दरवाजे अब नए सदस्यों के लिए खुलने जा रहे हैं। उपराज्यपाल एवं दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अध्यक्ष तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर डीडीए ने क्लब में 750 आजीवन सदस्य बनाने का फैसला किया है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 28 अगस्त से शुरू होगा। खास बात यह है कि करीब 22 एकड़ में फैला सौ साल से अधिक पुराना यह क्लब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के जन्मस्थान के रूप में भी जाना जाता है। डीडीए के मुताबिक, कुल 750 आजीवन सदस्यताओं में 400 गैर-सरकारी श्रेणी के लिए होंगी। इस…

Roshanara Club : दिल्ली के ऐतिहासिक रोशनआरा क्लब के दरवाजे अब नए सदस्यों के लिए खुलने जा रहे हैं। उपराज्यपाल एवं दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अध्यक्ष तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर डीडीए ने क्लब में 750 आजीवन सदस्य बनाने का फैसला किया है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 28 अगस्त से शुरू होगा। खास बात यह है कि करीब 22 एकड़ में फैला सौ साल से अधिक पुराना यह क्लब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के जन्मस्थान के रूप में भी जाना जाता है।

डीडीए के मुताबिक, कुल 750 आजीवन सदस्यताओं में 400 गैर-सरकारी श्रेणी के लिए होंगी। इस श्रेणी में सदस्यता शुल्क 12.50 लाख रुपये के साथ जीएसटी देना होगा। वहीं, सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) की श्रेणी में 350 सदस्य बनाए जाएंगे। इनके लिए चार लाख रुपये और जीएसटी शुल्क निर्धारित किया गया है। सदस्यता के लिए पंजीकरण 28 अगस्त की मध्यरात्रि से शुरू होकर 27 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक चलेगा। इच्छुक लोग डीडीए के रोशनआरा क्लब सदस्यता पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और शुल्क भुगतान कर सकेंगे।

डीडीए के अनुसार, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू राजधानी में खेल और मनोरंजन सुविधाओं को अधिक से अधिक लोगों के लिए सुलभ बनाने पर जोर दे रहे हैं। इसके पीछे लोगों को सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित करने और जीवन स्तर बेहतर करने की योजना है। नई सदस्यता योजना को भी इसी दिशा में उठाया गया कदम बताया गया है। रोशनआरा क्लब में क्रिकेट का मुख्य मैदान और अभ्यास पिच के अलावा टेनिस, स्क्वैश, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और पिकलबॉल की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

यहां स्विमिंग पूल, बच्चों के लिए अलग पूल, मल्टी-जिम, फिटनेस सेंटर और योग की सुविधा भी है। चुनिंदा खेलों में योग्य प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की व्यवस्था है। क्रिकेट मैदान का इस्तेमाल मैच, टूर्नामेंट के साथ खेल और कॉरपोरेट आयोजनों के लिए भी किया जा सकता है। क्लब हाउस में लाउंज, रेस्तरां, कैफे, डाइनिंग एरिया, बार, बैंक्वेट, किड्स जोन, बिलियर्ड्स और कार्ड रूम जैसी सुविधाएं हैं। इनका इस्तेमाल क्लब के नियमों और निर्धारित शुल्क के अनुसार किया जा सकेगा।

रोशनआरा क्लब का इतिहास भी इसकी सदस्यता को खास बनाता है। भारतीय क्रिकेट के शुरुआती दौर से जुड़े इस क्लब को बीसीसीआई के जन्मस्थान के रूप में पहचान मिली है। डीडीए ने 29 सितंबर 2023 को आधिकारिक रूप से क्लब का नियंत्रण अपने हाथ में लिया था। डीडीए का कहना है कि नई सदस्यता से खेल प्रेमियों के साथ विरासत में रुचि रखने वाले लोगों को भी इस ऐतिहासिक क्लब से जुड़ने का अवसर मिलेगा। वर्तमान में डीडीए दिल्ली में 18 खेल परिसर, चार मिनी खेल परिसर और तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स संचालित करता है।

Sumant Chaudhary