North District Crime News : नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के सराय रोहिल्ला इलाके में स्थित एक नाइट क्लब में मामूली विवाद क्लब में एक महिला पर बीयर गिरने के बाद शुरू हुई कहासुनी में रघुवीर नगर निवासी दलजीत को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के दोस्तों का दावा है कि दलजीत लगातार माफी मांगता रहा और हमलावरों से छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन उन्होंने उसकी एक नहीं सुनी। पुलिस ने इस मामले में क्लब के मैनेजर और उसकी पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में तीन बाउंसर भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, वारदात 10 अक्टूबर की देर रात अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित टोर हाउस नाइट क्लब में हुई। दलजीत अपने पांच-छह दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंचा था। इसी दौरान क्लब मैनेजर की पत्नी पर कुछ तरल पदार्थ गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि मामला बढ़ने पर बाउंसरों को बुलाया गया और दलजीत व उसके दोस्तों के साथ मारपीट की गई।
लाठियों और कांच की बोतलों से हमला करने का आरोप
मृतक के दोस्तों के मुताबिक, उन्होंने विवाद शांत कराने और दलजीत को छोड़ने की कई बार गुहार लगाई, लेकिन क्लब के कर्मचारियों ने कथित तौर पर लाठियों और कांच की बोतलों से हमला जारी रखा। दोस्त सन्नी ने बताया कि उनके साथ भी मारपीट की गई। दोस्तों का आरोप है कि जब उन्होंने बचकर निकलने की कोशिश की तो बाउंसर उन्हें घसीटकर वापस क्लब के भीतर ले गए और दोबारा पीटा। दोस्तों ने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने दलजीत का चेहरा ढककर उस पर पानी डाला। पिटाई में उसे गंभीर चोटें आईं और उसके जबड़े में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद निशु, पवन और अन्य दोस्तों ने किसी तरह उसे क्लब से बाहर निकाला और रघुवीर नगर स्थित उसके घर ले गए। घर के प्रवेश द्वार के पास दलजीत गिर पड़ा। उसकी पत्नी पूजा और दोस्तों ने उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, दलजीत की पत्नी का फोन आने पर उन्हें पता चला कि वह हिल-डुल नहीं रहा है। अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। दोस्तों ने घटना की सीसीटीवी फुटेज देखने का दावा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि मारपीट के दौरान एक व्यक्ति ने हथियार भी लहराया और समूह के लोगों से नकदी व दो मोबाइल फोन छीन लिए। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने क्लब का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) कब्जे में लेकर फुटेज की जांच शुरू कर दी है। इसके जरिए मारपीट के पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया था। उनके मुताबिक, पुलिस की एक गाड़ी क्लब के बाहर आई, लेकिन जांच किए बिना वहां से चली गई। पुलिस इस आरोप की भी पड़ताल कर रही है। इसके अलावा, जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि क्लब को देर रात तक संचालित करने की अनुमति थी या नहीं। इसके लिए आबकारी विभाग और लाइसेंसिंग शाखा से संबंधित रिकॉर्ड मांगे गए हैं। दलजीत की मौत के कारणों, मारपीट की परिस्थितियों और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App




