हवाई यात्रा के दौरान एक यात्री ने अनजाने में शौचालय की जगह बाहर निकलने का दरवाजा खोलने की कोशिश की। दिल्ली से आ रहे यात्री को यहां पहुंचने के बाद हिरासत में लिया गया लेकिन बाद में उसे रिहा कर दिया गया। पटना हवाई अड्डा थाना अध्यक्ष मोहम्मद सनोवर खान ने सोमवार को बताया कि दिल्ली से आ रहे यात्री के बारे में पटना हवाई अड्डा प्राधिकार को सूचित किए जाने पर उसे हिरासत में लिया गया था। यात्री पहली बार हवाई जहाज से यात्रा कर रहा था।
उसने शौचालय का दरवाजा खोलने की जगह गलती से विमान से बाहर निकलने का दरवाजा खोलने की कोशिश की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि यात्री ने जानबूझकर या किसी पूर्व उद्देश्य से ऐसा नहीं किया था इसलिए उससे बांड पर हस्ताक्षर करवाकर जाने की अनुमति दे दी गयी। थाना अध्यक्ष ने पटना शहर के कंकड़बाग निवासी यात्री के नाम का खुलासा नहीं किया। दरवाजा खोलने के यात्री के प्रयास से विमान में अन्य यात्री काफी डर गए थे।


Download Android App
Download iOS App



