विस चुनावों की तैयारियों के लिए आप ने कसी कमर

Summary :

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को अपने चौथे जनसंपर्क अभियान को शुरू करने की घोषणा की।

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को अपने चौथे  जनसंपर्क अभियान को शुरू करने की घोषणा की। पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने बताया कि आप 18 नवंबर यानी सोमवार से दिल्ली में बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर रही है। 
इसके तहत दिल्ली में 14 हजार बूथों पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस अभियान में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेता भी दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में नहीं जाएंगे। इसमें केवल सभी विधायक भाग लेंगे और अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में चलाएंगे। 18 नवंबर से लेकर 24 दिसंबर तक यह जनसंपर्क अभियान चलेगा। 
पार्टी के दिल्ली संयोजक राय ने बताया कि इससे पहले पार्टी द्वारा दिल्ली की जनता के साथ सीधा संवाद करने के लिए तीन चरण के जनसंपर्क अभियान चलाए जा चुके हैं। अब चौथे चरण में एक बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत होने जा रही है। राय ने बताया कि सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हर बूथ पर इस कार्यक्रम को चलाएंगे। जिन विधानसभा क्षेत्रों में आप के विधायक नहीं है, वहां पर पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष एवं संगठन मंत्री इस कार्य का निर्वहन करेंगे। 
हर विधानसभा में रोज लगभग 4 से 5 बूथों पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 1993 से 1998 तक भाजपा की सरकार के दौरान बने तीन मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल पर बात होगी। 1998 के बाद लगातार 15 साल कांग्रेस की सरकार के दौरान शीला दीक्षित द्वारा किए गए कार्यों पर बात होगी। इसके अलावा पिछले पांच सालों में केजरीवाल की सरकार द्वारा किए गए कार्यों की तुलना पर चर्चा की जाएगी। 
इन्हीं तीनों सरकार के कार्यों पर यह जनसंवाद कार्यक्रम केंद्रित होगा। राय ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर ही जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बूथ कमेटियों का भी गठन किया जाएगा। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जो भी लोग चुनाव में काम करने के इच्छुक होंगे उन्हीं लोगों में से बूथ कमेटी का गठन किया जाएगा। इन बूथ कमेटियों के गठन के लिए पार्टी ने 2700 मंडल प्रभारियों की नियुक्ति की है।

Desk Team