AAP Tiranga Yatra: जंतर मंतर पर तिरंगा लहराने वाले जेन-जी को जेल भेजने पर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाल कर मोदी सरकार का विरोध किया। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पार्टी मुख्यालय से ली मेरेडियन तक हाथों में तिरंगा लेकर पैदल मार्च किया। उधर, अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी पर पार्टी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मोदी सरकार पर तीखे हमले बोले। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये तो सरासर तानाशाही है। क्या तिरंगा लहराना जुर्म है? अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी दिखाती है कि मोदी जी इनसे कितने डरते हैं। हम अपने देश में तिरंगा नहीं लहराएंगे तो क्या पाकिस्तान में लहराएंगे? जिन्हें भारतीय तिरंगे से परेशानी है, वो पाकिस्तान चले जाएं।
इस बाबत “आप” के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि आज देश में तिरंगा फहराना और भारत माता की जय बोलना अपराध हो गया है। तिरंगे और भारत माता की जय से नफरत पाकिस्तानी को है। और हिंदुस्तान में इससे नफरत मोदी और भाजपा को है। इससे लोग समझ सकते हैं कि इनकी विचारधारा और सोच क्या है। ये नवाज शरीफ को गले लगाने वाले और जिन्ना के समर्थक लोग हैं। ये तिरंगे और भारत माता की जय से नफरत करेंगे। इसीलिए इन्होंने पहले आशुतोष रांका और सौरभ दास को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया और आज अभिजीत दीपके को भी हिरासत में ले लिया है। लेकिन इससे इन्हें कुछ हासिल होने वाला नहीं है।

क्या बोले संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी के बहादुर कार्यकर्ताओं ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में राष्ट्रपति भवन और संसद भवन के आसपास सफलतापूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली और शाम को एकत्रित होकर यहां भी तिरंगा यात्रा निकाली। जिन लोगों को भी रोका गया और जिन पर बर्बरता की गई, हम उसकी भर्त्सना करते हैं। मोदी जी से हम कहना चाहते हैं कि जिसको तिरंगे और भारत माता की जय से प्यार नहीं है और जो लोग आजकल खुद को ‘राम’ से भी महान समझने लगे हैं, उनकी सत्ता के अंत का समय करीब आ गया है।
वोट चोर भाजपा को सत्ता से जाना ही चाहिए- संजय सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान पर संजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि यह कोई बर्थडे पार्टी थोड़ी हो रही है। यह तो रिजीम चेंज के लिए ही हो रहा है। हम कोई मोदी जी की बर्थडे पार्टी या किटी पार्टी मनाने के लिए थोड़ी इकट्ठा हुए हैं। वोट चोरों को सत्ता से जाना ही चाहिए। हमारा तो नारा ही है कि वोट चोर गद्दी छोड़। हम नारा लगाते हैं कि रोजी- रोटी दे ना सके जो, वो सरकार निकम्मी है, तो क्या हम बांग्लादेशी या पाकिस्तानी हो गए? यह रिजीम चेंज के लिए ही हो रहा है और वोट चोरों को सत्ता से जाना ही चाहिए, इसमें कोई कंफ्यूजन नहीं है।
वहीं, तिरंगा लहराने के बाद “आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने धारा 163 और पुलिस की पाबंदियों पर कहा कि यह पुलिस का जुल्म, सरकार की नाकामी और निकम्मापन है। पुलिस ने तो घर से निकलने की भी मंजूरी नहीं दे रखी है, लेकिन उनकी मंजूरी से क्या होता है? हमारे संविधान ने हमें पूरे देश में आजादी से घूमने और अपनी बात रखने की मंजूरी दी है। सरकार के ये सारे प्रतिबंध गैर-कानूनी हैं।
अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने पर बोले सौरभ भारद्वाज

अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह बहुत गलत है। अभिजीत दीपके सिर्फ कनॉट प्लेस में तिरंगा लहराने की बात कह रहे थे। जो सरकार कहती थी कि हम कश्मीर में जाकर तिरंगा लहराएंगे और लोगों ने उनका साथ दिया, आज वही सरकार देश के एक दलित युवा को कनॉट प्लेस में तिरंगा नहीं फहराने दे रही है। इससे युवा इनसे और नाराज होंगे। इस दौरान “आप” के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा कि हमारा एक ही संदेश है कि इस देश में तिरंगा लहराया जाएगा। देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता।
अभिजीत दीपके और उससे पहले सीजेपी के दो नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार लगातार तानाशाही करके लोगों की आवाज कुचलना चाह रही है, लेकिन इनके दमन के बावजूद 2 अक्टूबर से शुरू हुआ यह आंदोलन पिछले 15 दिनों से जारी है। जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता और एसआईआर रद्द नहीं होता, तब तक पुलिस के दम पर यह आंदोलन न रुका है और न रुकेगा। गोपाल राय ने आगे कहा कि यह पूरे देश का आंदोलन है। पूरे देश में अलग-अलग तरीके से आंदोलन हो रहा है और सभी संगठन व पार्टियां आंदोलन कर रही हैं। लोकतंत्र को बचाने का सबका मकसद एक ही है और यह लड़ाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: मतदाता सूचियों को अपडेट करने का अभियान जारी


Download Android App
Download iOS App




