Jawaharlal Nehru University : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं की कमी के विरोध में एबीवीपी जेएनयू का अनिश्चितकालीन धरना 180 घंटे से अधिक समय से जारी है। एबीवीपी का आरोप है कि इतने लंबे समय से विद्यार्थी धरने पर बैठे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि धरनास्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करने नहीं आया है।
एबीवीपी ने स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे संचालित करने, विद्यार्थियों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कथित निष्क्रिय रवैये व विद्यार्थियों की समस्याओं के प्रति उदासीनता की जवाबदेही तय करने की मांग की है। संगठन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के इस्तीफे की भी मांग की है। एबीवीपी ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर विद्यार्थियों का इतने लंबे समय तक धरने पर बैठना गंभीर विषय है।
इसी बीच एबीवीपी जेएनयू की ओर से विद्यार्थियों की कला और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए 7 अक्टूबर को केसी मैदान में ‘कला को आकार, कैंपस कलाकार’ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। रात 8:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एबीवीपी जेएनयू अध्यक्ष मयंक पांचाल ने कहा कि विद्यार्थियों के अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष के साथ उनकी प्रतिभा को मंच देना भी संगठन की जिम्मेदारी है। वहीं, एबीवीपी जेएनयू मंत्री प्रवीण कुमार पीयूष ने कहा कि जेएनयू शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की कला और रचनात्मकता के विकास का भी मंच है।


Download Android App
Download iOS App




