केंद्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात के बाद बोलीं ममता बनर्जी-बंगाल में परियोजनाओं पर हुई चर्चा

Summary :

नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा, हम एलिवेटेड रोड बनाएं, फ्लाईओवर भी बनाएं तो इंडो-बांग्लादेश के लिए भी अच्छा होगा। व्यवसाय की दृष्टि से भी अच्छा होगा।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का दिल्ली दौरा जारी है। आज उन्होंने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता ने वैश्विक निवेशकों को आमंत्रित करने की कोशिश के तहत राज्य की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर उनके साथ चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ममता ने कहा, हम एलिवेटेड रोड बनाएं, फ्लाईओवर भी बनाएं तो इंडो-बांग्लादेश के लिए भी अच्छा होगा। व्यवसाय की दृष्टि से भी अच्छा होगा। मैंने अपनी तरफ एक मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री के लिए भी निवेदन किया। यह बैठक बहुत अच्छी रही।


उन्होंने बताया कि नितिन गडकरी के साथ बैठक में ट्रांसपोर्ट और रोड कनेक्टिविटी के बारे में भी चर्चा हुई। हमारे राज्य की सीमा बांग्लादेश, नेपाल और भूटान है। उत्तर-पूर्व का भी गेटवे है। तूफान से सड़कें खराब हो गई हैं, उसे ठीक करना। ज्यादा से ज्यादा लोगों की मदद कर सकें इसे लेकर चर्चा हुई। 

अन्य केंद्रीय मंत्री से भी होगी TMC प्रमुख की मुलाकात
कोलकाता से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित बंदरगाह में 15,000 करोड़ रुपये का निवेश होने की उम्मीद है और इसके पूरा होने पर पश्चिम बंगाल में रोजगार के 25,000 नए अवसर पैदा हो सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि ममता बनर्जी पेट्रोलियम, विमानन, रेलवे और वाणिज्य जैसे अहम विभागों के मंत्रियों से भी जल्द ही मुलाकात करेंगी।
ममता के दिल्ली दौरे का सियासी मकसद
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने के लिए वार्ता की शुरूआत करने को लेकर अभी दिल्ली में हैं। उनके इस दौरे को पूरी तरह से मिशन 2024 से जोड़ा जा रहा है। जहां ममता बनर्जी अलग-अलग विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रही हैं और बीजेपी के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा बनाने की कोशिश में है।

Desk Team