यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रामा सेंटर के भूतल पर एक ऑपरेशन थियेटर के निकट रविवार को आग लग गई जिससे मरीजों समेत लोगों के बीच दहशत फैल गई। एम्स अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि शाम छह बजकर 13 मिनट पर इस घटना के बारे में एक कॉल मिली थी जिसके बाद दमकल की 24 गाड़ियों को तुरन्त मौके पर भेजा गया।
टीबी पर नियंत्रण जल्दी पता चलने पर निर्भर : डॉ. अग्रवाल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अतुल गर्ग ने बताया कि रात आठ बजे तक आग पर काबू पा लिया गया और अब कूलिंग प्रक्रिया चल रही है। एम्स प्रशासन ने आग के कारण का पता लगाने के लिए इस मामले की जांच के आदेश दिये है। शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है।
अस्पताल के एक सूत्र के अनुसार अलग अलग ऑपरेशन थियेटरों में आग लगने से ठीक पहले दो मरीजों की सर्जरी हुई थी और वे ओटी रिकवरी कक्ष में थे। सूत्र ने बताया, ‘‘जल्द ही, सतर्क कर्मचारियों और डॉक्टरों ने उन्हें आपातकालीन क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया।’’ उन्होंने बताया कि उस समय इमारत में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
एम्स ने एक बयान में कहा कि शाम लगभग पांच बजकर 45 मिनट पर भूतल पर ओटी से सटे एक स्टोर में धुआं निकलते देखा गया। अस्पताल के डाक्टरों और कर्मचारियों की सजगता से तुरन्त कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और अस्पताल की अग्नि सुरक्षा टीम और दमकल ने तुरन्त कार्रवाई की।


Download Android App
Download iOS App



