पुलिस पर आईसा ने लगाया मारपीट का आरोप

Summary :

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में यूपी भवन के बाहर धरना प्रदर्शन करने के लिए पहुंची ऑल इंडिया स्टूडेंट एशोसिएशन (आईसा) की कार्यकर्ता ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

नई दिल्ली : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में यूपी भवन के बाहर धरना प्रदर्शन करने के लिए पहुंची ऑल इंडिया स्टूडेंट एशोसिएशन (आईसा) की कार्यकर्ता ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आईसा की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कवलप्रीत कौर ने ट्वीट किया। 
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि वह यूपी भवन के बाहर एक ऑटो में थी। कवलप्रीत का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें जबरन उठाया, मारपीट की और बस में खींचते हुए ले गए। पुलिस उन्हें कहां ले जा रही है इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में हमें मंदिर मार्ग पुलिस थाने उतार दिया गया। सुबह 11 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक थाने में रखा गया। जिसके बाद छोड़ा गया है। कौर ने कहा कि हम शांति पूर्ण रूप से प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे थे। 
इस दौरान विरोध प्रदर्शन कर रही चार छात्राओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्र इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग भी की है। इस दौरान जामिया, जेएनयू, अंबेडकर कॉलेज के छात्र भी थे। 
मालूम हो कि इससे पहले 21 दिसंबर को यूपी भवन के बाहर छात्रों ने प्रदर्शन किया था। नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों को उस समय भी हिरासत में लिया गया था।
पुलिस ने लिया छात्रों को हिरासत में
यूपी भवन के बाद आईसा कार्यकर्ता दोपहर ढाई बजे असम भवन पहुंचे, वहां भी दिल्ली पुलिस ने इन्हें प्रदर्शन करने से पहले ही हिरासत में ले लिया। इधर आईसा की अध्यक्ष कवलप्रीत ने एक बार फिर ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार चाहती है कि यूपी व असम में जो हो रहा है। इस बारे में कोई बात न करे। उन्होंने माग की है कि यूपी व असम के जेल में बंद प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा किया जाए।

Desk Team